diwali horizontal

पाकिस्तान में शिया असुरक्षित, सरकार शियों की रक्षा करने में विफल : मौलाना कल्बे जवाद नक़वी

0 138

लखनऊ : पाकिस्तान के शहर पेशावर में शिया जामा मस्जिद में जुमे की नमाज़ के दौरान हुए आतंकी हमले पर ग़म और ग़ुस्से का इज़हार करते हुए मजलिस-ए-उलेमा-ए-हिंद के महासचिव मौलाना सै० कल्बे जवाद नक़वी ने कहा कि पाकिस्तान में शिया असुरक्षित हैं। पाकिस्तान सरकार अल्पसंख्यकों को सुरक्षा प्रदान करने में विफल रही है, यही वजह है कि शिया समुदाय तकफ़ीरी आतंकवादी संगठनो के निशाने हैं। मौलाना ने कहा कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान में शियों का जारी नरसंहार बेहद चिंता का विषय है

इमामबाड़ों, जुलूसों और मस्जिदों को निशाना बनाया जा रहा है, जो साबित करता है कि शियो के नरसंहार की सुनियोजित साज़िश की जा रही हैं। पाकिस्तान सरकार आतंकवाद पर लगाम लगाने में विफल रही है, इसलिए क़ातिलों के हौसलें बढ़े हुए हैं। सच तो यह है कि पाकिस्तान तकफ़ीरियत के रास्तें पर चल रहा है जो मानवता के लिए बेहद खतरनाक है। मौलाना ने पाकिस्तान सरकार से इस आतंकवादी हमले में शामिल तकफ़ीरी आतंकवादी तत्वों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि पाकिस्तान की सरकार अल्पसंख्यकों विशेषकर शियों को सुरक्षा प्रदान करे

इस तरह के आतंकी हमले सरकार की नाकामी का सबूत हैं। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन भी इन हमलों पर चुप रहते हैं, जबकि वह ग़ैर-मुस्लिमों पर हमलों का कड़ा विरोध करते हैं, इस दोहरे मापदंड ने आतंकवाद को बढ़ावा दिया हैं। मालूम रहे कि पाकिस्तान के शहर पेशावर की जामा मस्जिद में हुए आतंकी हमले में इमामे जुमा समेत 50 लोग शहीद हो गए हैं और उससे ज़्यादा नमाजी गंभीर रूप से घायल हुए हैं । मौलाना ने कहा कि हम इस आतंकवादी हमले में शहीद हुए नमज़ियों और पाकिस्तानी शियों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं और हमेशा उनके हक़ में दुआ गो हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.