
इकौना में मेडिकल लापरवाही मामले ने पकड़ा तूल, CMO को दो घंटे जमीन पर बैठाकर घेरा
श्रावस्ती: इकौना बाईपास पर सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को टांका लगाने के लिए बाहर से सुई-धागा मंगाने और इलाज में कथित लापरवाही के आरोप में सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग लगातार तेज होती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर 12 नवंबर से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) और भीम आर्मी का समर्थन मिल गया।
CMO को जमीन पर बैठाकर हुई वार्ता
संगठनों ने NH-730 जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने उन्हें समझाकर वापस संजय पार्क स्थित धरना स्थल पर भेजा।
22 दिन के चल रहे धरने में पहली बार मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे तो प्रदर्शनकारियों का गुस्सा फूट पड़ा।
लोगों ने CMO और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और अधीक्षक डॉ. अवनीश तिवारी के तत्काल निलंबन की मांग की।
किसानों ने CMO को अपने साथ जमीन पर बैठाकर वार्ता शुरू की। जब बातचीत में कोई समाधान नहीं निकला, तो प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि कार्रवाई के बिना CMO को जाने नहीं दिया जाएगा। CMO को दो घंटे से अधिक समय तक धरना स्थल पर बैठाए रखा गया।
जांच पर समझौता, अधीक्षक छुट्टी पर रहेंगे
लंबी बातचीत के बाद एक सहमति पत्र तैयार हुआ, जिस पर CMO ने हस्ताक्षर किए। समझौते के प्रमुख बिंदु:
-
दो दिन के भीतर किसी मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
-
जांच अवधि तक अधीक्षक डॉ. अवनीश तिवारी अनिवार्य रूप से छुट्टी पर रहेंगे।
-
मजिस्ट्रेट की जांच रिपोर्ट आने के बाद उच्च अधिकारी तत्काल कार्रवाई करेंगे।
सहमति के बाद ही CMO को धरना स्थल से जाने दिया गया।
घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भारी पुलिस बल, CO इकौना, SDM और कई थानों की पुलिस तैनात रही।
