diwali horizontal

लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी समिति के छह सदस्य निर्विरोध निर्वाचित, महापौर ने शहर के विकास हेतु टीम भावना से काम करने का किया आह्वान

0 65

लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी समिति के छह सदस्य निर्विरोध निर्वाचित, महापौर ने शहर के विकास हेतु टीम भावना से काम करने का किया आह्वान

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ की कार्यकारिणी समिति में लंबे समय से रिक्त पड़े छह पदों को भरने के लिए रविवार, 17 अगस्त 2025 को नगर निगम मुख्यालय, लालबाग स्थित त्रिलोकीनाथ हाल में सदन का विशेष अधिवेशन आयोजित किया गया। यह अधिवेशन महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।इस मौके पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, नगर निगम के समस्त अपर नगर आयुक्त, अधिकारीगण, पत्रकार प्रतिनिधि और सभी माननीय पार्षदगण मौजूद रहे। सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुई कार्यवाही के दौरान चयन प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा और पूरी पारदर्शिता के बीच संपन्न कराई गई।कार्यकारिणी समिति के लिए पार्षदों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों के आधार पर छह नाम सामने आए, जिन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचित सदस्यों में पार्षद अरुण कुमार राय, पृथ्वी गुप्ता, पिंकी रावत, राजेश सिंह ‘गब्बर’, संदीप शर्मा और राम नरेश चौरसिया शामिल हैं। इनके निर्विरोध चुने जाने के साथ ही कार्यकारिणी समिति में सभी रिक्त स्थान भर गए।नगर निगम की कार्यकारिणी समिति को शहर की नीतियों और योजनाओं के निर्धारण में अहम भूमिका निभाने का अवसर मिलता है। समिति बजट निर्माण, विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने, सफाई व्यवस्था, पेयजल प्रबंधन, विद्युत प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर सदन को सुझाव देती है। इस कारण इसकी भूमिका नगर निगम की कार्यप्रणाली में बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।महापौर सुषमा खर्कवाल ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम की कार्यकारिणी समिति शहर के विकास की धुरी है। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदें इस समिति से जुड़ी होती हैं और नई कार्यकारिणी से अपेक्षा है कि वह स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट लखनऊ बनाने की दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी सदस्य आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करते हुए जनता की आकांक्षाओं पर खरे उतरेंगे।नगर निगम प्रशासन ने विशेष अधिवेशन में शामिल सभी पार्षदों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। निगम ने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति की नीतियों और निर्णयों की जानकारी प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुँचाई जाएगी, ताकि शहर के विकास कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और लोग उनसे सीधे तौर पर लाभान्वित हो सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.