diwali horizontal

फिटनेस, जागरूकता और एकता का संदेश लेकर तैयार है एसके लखनऊ मैराथन 2025

0 48

फिटनेस, जागरूकता और एकता का संदेश लेकर तैयार है एसके लखनऊ मैराथन 2025

लखनऊ: राजधानी लखनऊ रविवार को ऊर्जा और उत्साह से भरने जा रही है, क्योंकि शहर तैयार है एसके लखनऊ मैराथन 2025 का स्वागत करने के लिए। इंस्टिट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट (आईआईईएमआर), एसके फाइनेंस और संस्कृति युवा संस्थान के संयुक्त सहयोग से आयोजित होने वाली यह मैराथन न केवल एक स्पोर्ट्स इवेंट है, बल्कि फिटनेस, सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश देने वाला बड़ा अभियान है। इस वर्ष मैराथन की थीम “लखनऊ मुस्कराएगा भी, दौड़ेगा भी” रखी गई है, जो स्वास्थ्य, सकारात्मकता और सामूहिक एकता का प्रतीक है।आईआईईएमआर निदेशक मुकेश मिश्रा ने बताया कि यह मैराथन उन सभी लोगों के लिए है जो खुद को अनुशासन और फिटनेस के माध्यम से बेहतर बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल कदमों की नहीं, बल्कि जज़्बे की कहानी है। मैराथन का फ्लैग ऑफ 16 नवंबर को सुबह 1090 चौराहे से किया जाएगा। एसके फाइनेंस के मार्केटिंग हेड अंशुल जैन ने कहा कि यह आयोजन ट्रैफिक अवेयरनेस, महिला सुरक्षा और स्वच्छ लखनऊ जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का एक मंच है। उनका कहना था कि बदलाव हमेशा छोटे कदमों से शुरू होता है, और यही कदम भविष्य को बेहतर बनाते हैं।मैराथन से एक दिन पहले 15 नवंबर को शेरोस हैंगआउट में बिब एक्सपो आयोजित होगा, जहां सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक प्रतिभागियों को बिब किट और टी-शर्ट वितरित की जाएंगी। रेस डे पर कोई किट वितरण नहीं होगा। आयोजन में योगा एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन नीरज सिंह गेस्ट ऑफ ऑनर होंगे, जबकि लोकप्रिय सेलेब्रिटी रणविजय की मौजूदगी कार्यक्रम में उत्साह भर देगी। एसके फाइनेंस के होल टाइम डायरेक्टर यश सेतिया और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अमनप्रीत सिंह बत्रा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।शहर के सबसे बड़े रनिंग आयोजन में इस बार तीन कैटेगरी रखी गई हैं—21 किलोमीटर हाफ मैराथन (सुबह 4:30 बजे), 10 किलोमीटर (सुबह 5:30 बजे) और 4 किलोमीटर रन (सुबह 6:40 बजे)। दौड़ 1090 चौराहे से शुरू होकर रिवरफ्रंट, अम्बेडकर पार्क, सहारा शहर, नीरज पांडे क्रॉसिंग और जनेश्वर मिश्रा पार्क से होते हुए वापस 1090 चौराहे पर समाप्त होगी। प्रसिद्ध धावक विभिन्न कैटेगरी में पेसर के रूप में शामिल होंगे। आकर्षक पुरस्कार राशि भी निर्धारित की गई है—21 किलोमीटर में प्रथम पुरस्कार 11,000 रुपये, द्वितीय 5,000 रुपये और तृतीय 2,500 रुपये; वहीं 10 किलोमीटर श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 5,000 रुपये, द्वितीय 3,000 रुपये और तृतीय 1,100 रुपये रखा गया है।सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए महिलाओं और विद्यार्थियों के लिए 4 किलोमीटर की दौड़ पूरी तरह नि:शुल्क रखी गई है, जिससे बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं शामिल होने के लिए उत्साहित हैं। देशभर के सैकड़ों धावक इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए लखनऊ पहुंच रहे हैं। रेस डे पर धावकों का उत्साह बढ़ाने के लिए संगीत, फिटनेस एक्टिविटीज़ और स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की विशेष व्यवस्था की जाएगी।एसके लखनऊ मैराथन 2025 का उद्देश्य केवल फिटनेस को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि शहर में एकता, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक सामाजिक संदेश को मजबूत करना भी है। यह आयोजन लखनऊ को दौड़ते और मुस्कराते देखने का एक शानदार अवसर प्रदान करने जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.