diwali horizontal

यूपी पंचायत चुनाव को लेकर सीएम योगी से मिले राज्य निर्वाचन आयुक्त, जानिए क्या हुई बातचीत

0 173

यूपी : में होने जा रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अब तक हुई तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मुख्यमंत्री को 15 मार्च को हाईकोर्ट के आदेश के बाद पंचायतीराज विभाग की ओर से जारी नए आरक्षण और सीटों के आवंटन की मौजूदा प्रक्रिया के साथ ही आयोग की तरफ से स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए की जा रही तैयारियों से अगवत करवाया।

चूंकि 15 मार्च के हाईकोर्ट के आदेश के बाद नए सिरे से शुरू हुई आरक्षण प्रक्रिया, सीटों के आवंटन, पहली सूची का प्रकाशन, उस पर आने वाले दावे व आपत्तियों का निस्तारण आदि का पूरा काम 27 मार्च को पूरा हो रहा है। उसके तुरंत बाद होली का त्यौहार है इसलिए राज्य निर्वाचन आयोग के पास 24 अप्रैल से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा से पहले ग्राम प्रधान, ग्राम, क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्य के चार पदों के चुनाव करवाने के लिए समय बहुत कम बचा है

सूत्रों के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने मुख्यमंत्री से सिर्फ तीन हफ्तों के सीमित समय में पंचायत चुनाव करवाने में पेश आ रही दिक्कतें बयान की हैं और उनसे इन चुनावों को सुचारू रूप से करवाने के लिए समय सीमा बढ़ाने का भी अनुरोध किया है। दरअसल आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश सरकार की ओर से ही चुनाव की पहली अधिसूचना जारी होती है और राज्य निर्वाचन आयोग को चुनाव करवाने के लिए परामर्श दिया जाता है

मौजूदा प्रस्तावित समय सारिणी के अनुसार अगर 26 या 27 मार्च को पंचायती राज विभाग की ओर से राज्य निर्वाचन आयोग को सीटों के आरक्षण और आवंटन का पूरा ब्यौरा मिल जाता है तो उसके बाद सरकार की अधिसूचना जारी होगी और फिर उसके बाद 30 या 31 मार्च को राज्य निर्वाचन आयोग अपनी अधिसूचना के साथ चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.