
STF की बड़ी कार्रवाई: माफिया अशरफ का करीबी और 50 हजार का इनामी अपराधी अफसार अहमद नई दिल्ली से गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिवंगत माफिया अशरफ के सक्रिय सहयोगी और 50,000 रुपये के इनामी अपराधी अफसार अहमद को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। अफसार अहमद बरेली के थाना बिथरी चैनपुर में दर्ज कई गंभीर धाराओं वाले मुकदमे में वांछित था।
गिरफ्तारी का विवरण
-
गिरफ्तार अभियुक्त: अफसार अहमद पुत्र आजाद अहमद
-
निवासी: सल्लाहपुर, थाना पूरामुफ्ती, जनपद प्रयागराज
-
गिरफ्तारी का स्थान: सपना स्टैंड के सामने, कालका रोड, थाना अमर कॉलोनी, साउथ ईस्ट दिल्ली
-
गिरफ्तारी का समय: 10 दिसंबर 2025, प्रातः 6:45 बजे
-
घोषित पुरस्कार: 50,000 रुपये
एसटीएफ की रणनीतिक कार्रवाई
फरार एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों द्वारा आपराकृतिक घटनाओं को अंजाम देने की लगातार सूचनाओं के बाद STF प्रयागराज फील्ड इकाई को सक्रिय कर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम ने अभिसूचना एकत्र की। इसी दौरान अफसार अहमद के दिल्ली में छिपे होने की पुष्टि हुई।
उपनिरीक्षक गुलजार सिंह और टीम ने दिल्ली में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
पूछताछ में बड़ा खुलासा: जेल में रची जाती थीं हत्याओं और धमकियों की साजिशें
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अफसार अहमद ने कबूल किया कि वह प्रयागराज का निवासी है और माफिया अशरफ के बरेली जेल में बंद रहने के दौरान नियमित रूप से मिलने जाता था।
उसने बताया:
-
वह अपनी आईडी पर सहयोगियों अजहर, लल्लागद्दी, गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान को जेल में अशरफ से मुलाकात करवाता था।
-
मुलाकात के समय ही गवाहों और साक्षियों की हत्या, उन्हें डराने और धमकाने की योजनाएं तैयार की जाती थीं।
-
आपराधिक घटनाओं को उसी साजिश के अनुसार अंजाम दिया जाता था।
इन मामलों में था वांछित
| क्र.सं. | मु.अ.सं. | थाना/जनपद | धाराएं |
|---|---|---|---|
| 1 | 86/2023 | बिथरी चैनपुर, बरेली | 147, 384, 506, 201, 120बी, 195ए, 34, 119 भादवि, 7/8/13 पी.सी. एक्ट, 42बी/54 कारागार अधिनियम, 07 सीएलए एक्ट |
| 2 | 206/18 | कोखराज, कौशाम्बी | 419, 420, 467, 468, 471 भादवि |
गिरफ्तार अफसार अहमद को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सौंप दिया गया है। STF अब उसके नेटवर्क और साथियों की भूमिका की जांच में जुटी है।