
लखनऊ में अवैध डेरियों के खिलाफ नगर निगम की सख्त कार्रवाई, 16 पशु जब्त
लखनऊ: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बिगाड़ रही अवैध डेरियों पर लखनऊ नगर निगम ने शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाया। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के जोन-6 अंतर्गत दुबग्गा रिंग रोड, शिवाजीपुरम, राजाजीपुरम और आलमनगर रोड क्षेत्रों में संचालित कई अवैध डेरी प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने कुल 13 भैंसें और 3 गाय जब्त कीं। ये सभी पशु पीजीआई स्थित कांजी हाउस में अस्थायी रूप से निरुद्ध किए गए हैं। पशुओं को केवल निर्धारित जुर्माना भरने के बाद ही छोड़ा जाएगा।यह कार्रवाई नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर, अपर नगर आयुक्त के आदेश और पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में की गई। अभियान में नगर निगम के प्रवर्तन दल, स्थानीय पुलिस बल और पशु कल्याण विभाग की सक्रिय भूमिका रही। टीम में डॉ. वर्मा के साथ शिवेक, रामकुमार, नदीम, अभिनव, मनोज और फुरकान शामिल रहे, जिन्होंने समन्वित प्रयास से यह कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न की।नगर निगम को IGRS पोर्टल और अन्य माध्यमों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि डेरी संचालक गोबर और अन्य अपशिष्ट खुले स्थानों और नालियों में फेंक रहे हैं, जिससे इलाके में गंदगी, दुर्गंध, जलभराव और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। नागरिकों की इन्हीं शिकायतों के आधार पर यह विशेष अभियान चलाया गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम अधिनियम 1959 के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में भैंस पालन प्रतिबंधित है, क्योंकि भैंस को अपदूषण कारक पशु की श्रेणी में रखा गया है। नगर निगम की सीमा में केवल अधिकतम दो गायों के पालन की अनुमति दी जाती है, वह भी वैध लाइसेंस प्राप्त होने की स्थिति में।नगर निगम लखनऊ ने यह भी घोषणा की है कि भविष्य में ऐसे अवैध डेरी संचालकों के विरुद्ध नियमित और कठोर अभियान जारी रहेंगे। निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आस-पास संचालित हो रही अवैध डेरियों की सूचना निगम को दें, जिससे समय पर कार्रवाई की जा सके और शहर को स्वच्छ, सुरक्षित तथा रोगमुक्त बनाया जा सके।
