
लखनऊ में आजाद समाज पार्टी का जोरदार प्रदर्शन
लखनऊLive: नगीना सीट से सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद योगी सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं।
प्रदेश की कानून व्यवस्था से लेकर हर मुद्दे पर चंद्रशेखर खुलकर अपनी बात रखते रहे हैं। इसी क्रम में आजाद समाज पार्टी ने सोमवार को यूपी की राजधानी लखनऊ में धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी के आह्वान पर प्रदेश भर से कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने हजरतगंज के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी है। साथ ही कई नेताओं को हाउस अरेस्ट भी कर लिया गया है।

चंद्र शेखर आजाद ने कहा कि सरकार ने जितनी ताकत हमे और हमारे साथियों को रोकने में लगाई है, उतनी शक्ति अपराध को रोकने और नौजवानों की तरक्की पर लगाते तो बहुत परेशानियां कम हो जाती। योगी सरकार की दमन और गुंडागर्दी के खिलाफ हम लोग लड़ते रहेंगे। उन कार्यकर्ताओ को धन्यवाद जो तमाम बाधाओं को लांघ कर लखनऊ पहुंचे हैं,
उन्होंने ये बता दिया है कि हम रुकने वाले नहीं है। सरकार को चेतावनी है कि अगर कमजोर वर्ग पर हमले नहीं रुके और अपराध नहीं रुका तो ये आंदोलन रुकने वाला नहीं है। प्रदेशभर से लखनऊ जा रहे कई कार्यकर्ताओं को टोल पर, घरों पर और चौकियों पर उन्हें डिटेन कर लिया गया है। बस और छोटी गाड़ियां तक रोक ली गई है। पूरी ताकत को हम लोगों को रोकने में लगा दिया गया है। इससे स्पष्ठ है कि यूपी सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा नहीं रखती है। सरकार ने आज लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया है।यूपी की कानून व्यवस्थाओं की विफलताओं को लेकर चंद्र शेखर आजाद के नेतृत्व में आजाद समाज पार्टी ने परिवर्तन चौक से लेकर राजभवन तक पैदल मार्च निकालने का निर्णय लिया था। इसको लेकर सुबह से ही पार्टी के कार्यकर्ता इकट्ठा होना शुरू हो गए। बड़ी संख्या में आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता परिवर्तन चौक पर इकट्ठा हो गए हैं।
कई कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ किशोर और प्रदेश कार्यालय प्रभारी अमित गौतम को हाउस अरेस्ट किया गया। साथ ही मंडल उपाध्यक्ष रोहित राव चौधरी को भी नजरबंद किया गया। जबकि विजय सिंह को होटल में ही डिटेन किया गया।