diwali horizontal

लखनऊ में प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना का औचक निरीक्षण, सफाई व पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश

0 73

लखनऊ में प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना का औचक निरीक्षण, सफाई व पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार सुबह 7 बजे नगर निगम के वार्डों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, पार्कों की स्थिति, नालियों की सफाई और अवरोधक अतिक्रमणों की समीक्षा की। निरीक्षण में महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, अरुण कुमार गुप्ता सहित नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।प्रभारी मंत्री ने जोन एक और दो के पांच वार्डों—रानी लक्ष्मीबाई वार्ड (अमीनाबाद घंटाघर पार्क), गणेशगंज वार्ड, लेबर कॉलोनी वार्ड, गोलागंज वार्ड और कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड का निरीक्षण किया। सभी वार्डों में पहले की तुलना में सफाई व्यवस्था बेहतर पाई गई।निरीक्षण की शुरुआत रानी लक्ष्मीबाई वार्ड से हुई। यहां मंत्री ने पार्क और आसपास की खाली भूमि की साफ-सफाई, सड़क निर्माण और पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर पड़े जल निगम के पाइप और निर्माण सामग्री को तुरंत हटाने और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। महापौर ने घोषणा की कि एक सप्ताह बाद इस स्थल का पुनः निरीक्षण किया जाएगा।गणेशगंज वार्ड में निरीक्षण के दौरान नालियों के अवरुद्ध होने पर मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर नालियां ठीक कराई जाएं और अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए। लेबर कॉलोनी वार्ड में उन्होंने सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त करने और चिन्हित स्थानों पर वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पार्षद अजय दीक्षित भी मौजूद रहे।कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड में मेहंदी बेग खेड़ा के पास पार्क को व्यवस्थित करने और वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की योजना पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि 9 सितम्बर को यहां 1000 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे और वे स्वयं वृक्षारोपण कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि शिवपाल सांवरिया भी मौजूद रहे।गोलागंज वार्ड में निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। महापौर ने यहां मॉडल वेंडिंग जोन बनाने के निर्देश दिए। मंत्री ने नगर निगम की इंजीनियरिंग गैंग को तत्काल सक्रिय करने और जहां भी सफाई व निर्माण संबंधी समस्याएं हों, उन्हें तुरंत दूर कर जनता को सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.