
सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने वारंटी अमन सिंह को किया गिरफ्तार, न्यायालय में नहीं हो रहा था पेश
लखनऊ: लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में पुलिस ने एक वांछित वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार अभियुक्त अमन सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी नीलमथा क्रॉसिंग के पास, डिप्टीगंज, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ है, जिसकी उम्र लगभग 20 वर्ष बताई गई है।पुलिस के अनुसार, अमन सिंह के विरुद्ध वर्ष 2022 में थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मु0अ0सं0 526/22 के अंतर्गत भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (मारपीट) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वह काफी समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था और फरार चल रहा था, जिस पर न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।पुलिस को रविवार को मुखबिर खास से सूचना मिली कि अभियुक्त अपने निवास स्थान पर मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना सुशांत गोल्फ सिटी के उपनिरीक्षक राम प्रवेश साहनी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया है।गिरफ्तारी में थाना सुशांत गोल्फ सिटी की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
