diwali horizontal

लखनऊ में स्वच्छता ही सेवा अभियान: छात्रों और नागरिकों ने किया सक्रिय सहभागिता

0 88

लखनऊ में स्वच्छता ही सेवा अभियान: छात्रों और नागरिकों ने किया सक्रिय सहभागिता

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने सोमवार को स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत पूरे शहर में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया। नगर आयुक्त के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन की समझ विकसित करना और सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा देना रहा।अभियान सभी आठों जोनों में एक साथ संचालित किया गया। इसमें जोनल अधिकारी, पार्षद, नगर निगम कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठन और आम नागरिक सक्रिय रूप से शामिल हुए। अभियान की सबसे खास बात यह रही कि इसमें बड़ी संख्या में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।शहर के विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता प्रतियोगिता, वाद-विवाद, खेलकूद और रैलियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण के संदेश देने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अपर नगर आयुक्त ने बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं में भागीदारी की सराहना की और विजेताओं को पुरस्कृत किया। बच्चों ने सामूहिक शपथ लेकर संकल्प लिया कि वे अपने घर, मोहल्ले और विद्यालय को हमेशा साफ-सुथरा रखेंगे।विद्यालयों के साथ-साथ अभियान के तहत शहर के प्रमुख बाजारों, मंदिरों, पार्कों, आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कूड़ा संग्रहण, नालियों की सफाई, एंटी-लार्वा छिड़काव और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को मजबूत किया गया। नागरिकों को कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के कम उपयोग और कचरा डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया गया।अभियान को जोनवार भी संचालित किया गया। अमीनाबाद, राजाजीपुरम, बाल मुकुंद, मलेशे मऊ, सरोजनी नगर, म्युनिसिपल गर्ल्स इंटर कॉलेज, बसौली और दिल्ली पब्लिक स्कूल शहीद पथ जैसे प्रमुख विद्यालयों और क्षेत्रों में विशेष गतिविधियाँ आयोजित की गईं। सभी क्षेत्रों में छात्रों ने शपथ ग्रहण कर स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।नगर निगम ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। यदि नागरिक कूड़ा पृथक्करण, खुले में कचरा न फेंकने और प्लास्टिक के कम उपयोग जैसे छोटे संकल्प अपनाएं, तो लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सकता है। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की सफाई संबंधी शिकायत या सुझाव दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 1533 पर संपर्क करने की सुविधा दी गई है।इस अवसर पर नगर निगम के सभी अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, पार्षद, शिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। अभियान ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि नागरिक सहभागिता से ही संभव है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.