diwali horizontal

लखनऊ पुलिस की तेज़तर्रार कार्रवाई: नौकर ने अलमारी से उड़ाए लाखों, 12 घंटे में गिरफ्तार, ₹7.56 लाख बरामद

0 370

लखनऊ पुलिस की तेज़तर्रार कार्रवाई: नौकर ने अलमारी से उड़ाए लाखों, 12 घंटे में गिरफ्तार, ₹7.56 लाख बरामद

लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन-मध्य अंतर्गत थाना हजरतगंज पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 7 लाख 56 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी ने चोरी की रकम से ज़मीन तक खरीद ली थी। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश हो सका है।मामले का खुलासा बुधवार को किया गया। हजरतगंज के शालीमार ग्रैंड निवासी संदीप ने अपने नौकर के खिलाफ घर की अलमारी से 5 लाख रुपये चोरी करने की लिखित तहरीर दी थी। आरोपी नौकर नीरज चौरसिया पुत्र राजेन्द्र, निवासी लालाबाग, दुबग्गा (मूल निवासी बांगरमऊ, उन्नाव) पर थाना हजरतगंज में भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 व 317(2) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया। पूछताछ और सघन छानबीन के बाद पुलिस टीम ने उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि नीरज ने सिर्फ एक बार में ही चोरी नहीं की थी, बल्कि वह काफी समय से अलमारी की चाबी चुराकर धीरे-धीरे रुपये निकाल रहा था। चोरी की गई रकम से उसने ज़मीन तक खरीद ली थी। घटना का खुलासा तब हुआ जब अचानक घर से बड़ी रकम गायब होने पर संदेह के आधार पर नीरज की तलाशी ली गई और उसके पास से 50,000 रुपये बरामद हुए।पुलिस टीम द्वारा की गई छानबीन और अभियुक्त की निशानदेही पर कुल ₹7,56,400 की नकदी बरामद हुई, जिसमें ₹500 के 1378 नोट (₹6,89,000), ₹200 के 202 नोट (₹40,400) और ₹100 के 270 नोट (₹27,000) शामिल हैं।पूरे मामले की विवेचना चौकी प्रभारी सुल्तानगंज उपनिरीक्षक मधुकर सिंह द्वारा की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवम पाण्डेय, महिला उपनिरीक्षक निशा सिंह, उपनिरीक्षक राजेश सिंह परिहार, महिला उपनिरीक्षक शारदा सिंह, हेड कांस्टेबल अनुराग यादव, कांस्टेबल अनुराग त्रिवेदी और कांस्टेबल रोशन शामिल रहे।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध व मुख्यालय) अमित कुमार वर्मा के निर्देश पर, डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव, एडीसीपी ममता रानी चौधरी और एसीपी विकास जायसवाल के नेतृत्व में हजरतगंज पुलिस को यह अहम सफलता मिली। अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा चुका है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.