
महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी तेजस्वी प्रेरणा इकाई, विश्व बैंक अध्यक्ष ने लखनऊ में की प्रशंसा
लखनऊ: विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने शुक्रवार को लखनऊ के ग्राम अनौरा कला (चिनहट) स्थित तेजस्वी प्रेरणा लघु उद्योग की टेक होम राशन (THR) इकाई का दौरा कर वहां चल रही पोषाहार निर्माण प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने इस इकाई से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की महिलाओं से संवाद कर न केवल उनके कार्यों की सराहना की, बल्कि उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी भी प्राप्त की।अजय बंगा ने पोषाहार उत्पादन से लेकर वितरण तक की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों से लाभान्वित हो रही महिलाओं और बच्चों से भी बातचीत की। लाभार्थियों ने बताया कि टेक होम राशन के नियमित सेवन से उनके एवं उनके बच्चों के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।इस अवसर पर विश्व बैंक अध्यक्ष ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों व प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इनमें बालिनी मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड, बायोफ्लॉक फिशरी, प्रेरणा ओजस रिन्युएबल एनर्जी, बीसी सखी, विद्युत सखी जैसे अभिनव महिला नेतृत्व वाले उपक्रम शामिल थे। उन्होंने प्रत्येक स्टाल पर पहुंचकर महिलाओं से प्रत्यक्ष संवाद किया और उनके कार्यों की गहराई से जानकारी ली।अजय बंगा ने ग्राम्य विकास विभाग की मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी प्रमुख योजनाओं की भी समीक्षा की। इस दौरान एफडीआर तकनीक (फुल डेप्थ रिक्लेमेशन) से बनाई जा रही ग्रामीण सड़कों की प्रदर्शनी को उन्होंने नवाचार और सतत विकास की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।अपने निरीक्षण के उपरांत अजय बंगा ने कहा कि “स्थानीय स्तर पर महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देकर व्यापक सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन लाया जा सकता है। उत्तर प्रदेश में जिस प्रकार महिलाओं को आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, वह गरीबी उन्मूलन और सतत विकास के लिए अनुकरणीय मॉडल है।”इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अनुराग यादव, लखनऊ मंडल की मंडलायुक्त रोशन जैकब, ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त जी एस प्रियदर्शी, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मिशन निदेशक दीपा रंजन, लखनऊ के मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन तथा संयुक्त निदेशक जन्मेजय शुक्ला सहित विश्व बैंक टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
