
ठाकुरगंज पुलिस ने दिखाई फुर्ती, 24 घंटे के भीतर गोलीकांड का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद
ठाकुरगंज पुलिस ने दिखाई फुर्ती, 24 घंटे के भीतर गोलीकांड का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद
लखनऊ: थाना ठाकुरगंज क्षेत्र में जान से मारने की नियत से की गई गोलीबारी की वारदात का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में मुख्य अभियुक्त शाहरूख पुत्र सलीम (19 वर्ष) और उसका साथी मो. सफीक उर्फ फैलू लाला पुत्र मो. जमाल (22 वर्ष) गिरफ्तार कर लिए गए हैं। दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध देशी तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।घटना 22 अक्टूबर की शाम की है, जब वादी बसन्त लाल वर्मा निवासी हरीशचन्द्र खेड़ा, थाना दुबग्गा, लखनऊ ने थाना ठाकुरगंज में तहरीर देकर बताया कि आफताब पुत्र लोहा, शाहरूख पुत्र सलीम, सलमान पुत्र सलीम और लाला फैजू निवासी डूडा कालोनी, राधाग्राम, ठाकुरगंज ने एक राय होकर उसके पुत्र उमेश वर्मा को घेर लिया और जान से मारने की नियत से पेट में तमंचे से गोली मार दी। इस घटना में उमेश गंभीर रूप से घायल हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 652/2025 धारा 109(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता, 2023 एवं धारा 9/25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सर्विलांस, स्थानीय स्रोतों की मदद और गुप्त सूचना के आधार पर केवल 24 घंटे के भीतर घटना का सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने सबसे पहले मुख्य अभियुक्त शाहरूख पुत्र सलीम को गुलालाघाट के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद सहअभियुक्त मो. सफीक उर्फ फैलू लाला को हरीनगर नाला के पास से दबोच लिया गया।पुलिस की पूछताछ में दोनों ने वारदात को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार की बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 9/25 आर्म्स एक्ट एवं 3(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक नीरज सिंह, अमरनाथ मौर्या, पुष्पेन्द्र कुमार, तथा कांस्टेबल बृजेश कुमार और दीप नारायण शामिल रहे। पुलिस की इस तेज कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है, जिसने महज एक दिन में वारदात की गुत्थी सुलझाकर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
