diwali horizontal

ठाकुरगंज पुलिस ने अन्तरजनपदीय वाहन चोरों के गिरोह का पर्दाफाश कर 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं

0 57

ठाकुरगंज पुलिस ने अन्तरजनपदीय वाहन चोरों के गिरोह का पर्दाफाश कर 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं

लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पश्चिमी जोन में ठाकुरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अन्तरजनपदीय वाहन चोरों के एक गिरोह का पर्दाफाश कर 6 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की 21 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना ठाकुरगंज में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में ठाकुरगंज पुलिस टीम दिनांक 07 सितंबर 2025 को संदिग्ध व्यक्तियों और वांछित अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास ने सूचना दी कि कुछ लोग चोरी की गाड़ियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की योजना बना रहे हैं और बरी रोड जंगल के पास चोरी की गाड़ियों सहित मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और मौके से कुल सात अभियुक्तों को पकड़ लिया।पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने क्रमशः अपने नाम जुनैद, अरस, वंश गुप्ता, राहुल गुप्ता, सलमान, जावेद बताए जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदलकर उन्हें दूसरी जगह बेचते थे, ताकि चेकिंग के दौरान पुलिस को गुमराह किया जा सके। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से चोरी की कुल 21 मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें विभिन्न रंगों और मॉडल की बाइकें शामिल हैं।बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर, एचएफ डीलक्स, अपाचे, सुपर स्प्लेंडर, कावासाकी बाक्सर समेत अन्य वाहन शामिल हैं। इनमें से अधिकांश पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थीं जबकि एक स्कूटी का चेचिस नंबर प्लेट तक हटाया हुआ था।गिरफ्तार अभियुक्तों में जुनैद पुत्र शहाबुद्दीन (उम्र 24 वर्ष), अरस पुत्र असलम (21 वर्ष), वंश गुप्ता पुत्र मनोज गुप्ता (19 वर्ष), राहुल गुप्ता पुत्र मायाराम गुप्ता (27 वर्ष), सलमान पुत्र स्व0 इस्लाम खान (28 वर्ष), जावेद पुत्र शहाबुद्दीन (22 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी जनपद सीतापुर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं और लखनऊ में किराये पर रहकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। वहीं, एक बाल अपचारी (उम्र लगभग 16 वर्ष) को पुलिस संरक्षण में लेकर उसकी काउंसलिंग कर रही है।पंजीकृत अभियोग संख्या 526/2025 धारा 303(2), 317(2), 336(2), 345(3), 347(1) बीएनएस के तहत अभियुक्तों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों को उनके अपराध से अवगत कराते हुए न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि फरार अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान के साथ उपनिरीक्षक मनुज कुमार, अंकुर सिंह, अमित कुमार सिं, अमर सिंह, मुदित राय तथा कॉन्स्टेबल दीपनारायण, बृजेश यादव, आदेश सिंह राठौर, अमित कुमार, धर्मेन्द्र कुमार और मुलायम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.