
बहराइच। जनपद भ्रमण पर आये 08 देशों के राजदूतों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान आकांक्षात्मक जनपद बहराइच में नीति आयोग द्वारा निर्धारित सूचकॉकों स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेश, कौशल विकास और बुनियादी ढॉचा इत्यादि के क्रियान्वयन, प्रगति, मानीटरिंग, डाटा कलेक्शन, पर्यवेक्षण के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा जिले के भौगोलिक व एतिहासिक पृष्ठभूमि, मौसम, फसले, क्षेत्रफल, औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ जिले में किये जा रहे नवाचार फसल अवशेष प्रबन्धन, पोषण वाटिका, जैविक खेती एवं औद्यानिक खेती को बढ़ावा दिये जाने के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
बैठक के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट आकाश दीप बधावन ने जैव विविधता के लिए विश्व प्रसिद्व कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार में पाये जाने वाले पौधों, वन्य जीवों तथा नैसर्गिक जल स्रोतों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। बैठक के दौरान राजदूतों के शिष्टमण्डल को जनपद में कृषकों की आय को दोगुना करने के उद्देश्य से संचालित समर्थन मूल्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्माननिधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रगति से भी अवगत कराया गया। वित्तीय समावेशन अन्तर्गत शिष्ट मण्डल को जानकारी दी गई कि जिले का ऋण जमा अनुपात राज्य औसत 61 प्रतिशत के सापेक्ष 71 प्रतिशत है।
बैठक के दौरान शिष्ट मण्डल की ओर आयरलैण्ड के राजदूत अखिलेश मिश्रा ने कहा कि जनपद भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रयास धरातल पर दिख रहा है। यहॉ के अधिकारियों की मेहनत का परिणाम यह है कि जिले के लोगों की सोच में परिवर्तन आ रहा है। श्री मिश्र ने कहा कि भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण अत्यादि सूचकांकों में काफी बेहतर कार्य देखने को मिला। क्षेत्र भ्रमण की एक विशेषता यह रही कि किसी भी स्तर संवादहीनता जैसी स्थिति नहीं पायी गई। ग्राम स्तरीय अधिकारियों कर्मचारियों से लेकर जिलाधिकारी स्तर तक सभी लोग एक पेज और एक सोच पर नज़र आये। श्री मिश्र ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के ग्रास रूट से समग्र विकास की परिकल्पना को अमलीजामा पहनाने में यहॉ पर सभी स्टेक होल्डर्स अपने उत्तरदायित्वों के प्रति संवेदनशील नज़र आये। श्री मिश्र ने आतिथ्य सत्कार के लिए शिष्टमण्डल की ओर से जिला प्रशासन का शुक्रिया अदा किया।
बैठक के अन्त में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि यह जिले के सौभाग्य है कि 08 देशों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले राजदूतों ने आकांक्षात्मक जनपद बहराइच का भ्रमण किया। शिष्टमण्डल के भ्रमण से जिले के अधिकारियों की हौसला अफज़ाई हुई है। जिससे केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को और शिद्दत के साथ अमलीजामा पहनाने में मदद मिलेगी। डीएम डॉ. चन्द्र ने कहा कि उन्हें आशा है कि शिष्टमण्डल की ओर से प्राप्त होने वाले सुझाव जिले के अधिकारियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। शिष्ट मण्डल की ओर से दिये गये महत्वपूर्ण सुझावों को जिले में क्रियान्वित कराया जायेगा।
बैठक के अन्त में डीएम डॉ. दिनेश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, डीएफओ आकाशदीप बधावन, सीएमओ डॉ. एस.के. सिंह व अन्य ने अंगवस्त्र, गेहूॅ के डण्ठल से निर्मित कलाकृति, कतर्नियाघाट से सम्बन्धित स्मृति चिन्ह भेंट कर शिष्टमण्डल में शामिल राजदूतों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजदूतों के शिष्ट मण्डल में जेनेवा के इन्द्रमणि पाण्डेय, जार्डन के अनवर हलीम, नेपाल के नवीन श्रीवास्तव, न्यूज़ीलैण्ड की सुश्री नीता भूषण, कज़ाकिस्तान की सुश्री शुभदर्शिनी त्रिपाठी, दक्षिण कोरिया के अमित कुमार व संयुक्त राष्ट्र जेनेवा में नियुक्त राजदूत स्थानीय प्रतिनिधि दिनकर अस्थाना, शासन द्वारा राजदूतों के लिए नामित लाइज़निंग आफिसर्स तथा जिले के अधिकारी मौजूद रहे।