
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बादशाहनगर स्टेशन, चिकित्सालय और कॉलोनी का निरीक्षण कर सुविधाओं की समीक्षा की
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बादशाहनगर स्टेशन, चिकित्सालय और कॉलोनी का निरीक्षण कर सुविधाओं की समीक्षा की
लखनऊ: पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल ने यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल और वरिष्ठ शाखाधिकारियों के साथ बादशाहनगर रेलवे चिकित्सालय, रेलवे कॉलोनी और रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुविधाओं की गुणवत्ता, विकास कार्यों की प्रगति और कर्मचारियों व यात्रियों की आवश्यकताओं का गहन मूल्यांकन किया।निरीक्षण की शुरुआत बादशाहनगर रेलवे चिकित्सालय से हुई, जहां महाप्रबंधक ने ओपीडी ब्लॉक, फार्मेसी, रजिस्ट्रेशन काउंटर, इनडोर यूनिट, इमरजेंसी वार्ड, महिला-पुरुष वार्ड, चिल्ड्रन वार्ड, रसोई और नवनिर्मित ओपीडी ब्लॉक का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सालय में अत्याधुनिक उपकरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएँ, ताकि रेल कर्मियों और उनके परिवार को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।इसके बाद महाप्रबंधक ने बादशाहनगर रेलवे कॉलोनी का दौरा किया। यहाँ उन्होंने कर्मचारियों के आवास, स्वच्छता और उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। कॉलोनी में स्थित मनोरंजन संस्थान का अवलोकन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवासीय और मनोरंजक सुविधाओं को और अधिक आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंतिम चरण में महाप्रबंधक ने बादशाहनगर रेलवे स्टेशन का दौरा कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। सर्कुलेटिंग एरिया, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, बेबी फीडिंग बूथ, अनारक्षित टिकट खिड़की, प्लेटफॉर्म, फसाड लाइटिंग, फुट ओवर ब्रिज, निर्माणाधीन स्काईवॉक, पैनल रूम और प्रथम प्रवेश द्वार पर प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर देते हुए सभी कार्यों को उच्च मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्राप्त हो।महाप्रबंधक ने परिचालन सुरक्षा मजबूत करने और परियोजनाओं के आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध पूर्ण होने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ये प्रयास न केवल स्टेशनों को आधुनिक और यात्री अनुकूल बनाएंगे, बल्कि यात्रियों को वैश्विक स्तर की सुविधाएं प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होंगे।निरीक्षण में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू, मुख्य परियोजना प्रबंधक/गतिशक्ति/मुख्यालय राघवेंद्र कुमार, डीआईजी रेलवे सुरक्षा बल चंद्र मोहन मिश्रा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर और गतिशक्ति यूनिट के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
