diwali horizontal

सेवानिवृत्त हुए जलकल विभाग के कर्मचारियों को महापौर ने किया सम्मानित

0 83

सेवानिवृत्त हुए जलकल विभाग के कर्मचारियों को महापौर ने किया सम्मानित

हाइलाइटस

मुख्यालय में आयोजित हुआ विदाई समारोह, महापौर सुषमा खर्कवाल ने दी शुभकामनाएं

Lucknow News:नगर निगम लखनऊ के जलकल विभाग में वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले 09 कर्मचारियों को 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने के उपरांत सोमवार को जलकल मुख्यालय में एक गरिमापूर्ण विदाई समारोह के दौरान सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में रीता वर्मा (बिल वितरक), राज कुमार, गिरीश चंद्र श्रीवास्तव, युगुल किशोर मिश्रा, योगेन्द्र नाथ राय और बसंत लाल (पंप ऑपरेटर), राजेन्द्र सिंह (बिल्डर), राम प्रकाश सिंह और छोटे लाल (गैंगमैन) शामिल रहे। ये सभी कर्मचारी लखनऊ के विभिन्न ज़ोन में जल आपूर्ति व जल प्रबंधन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

समारोह में उपस्थित महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “इन सभी कर्मचारियों ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ नगर निगम की सेवा की है। इनका अनुभव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।” उन्होंने आगे कहा कि नगर निगम अपने कर्मचारियों के योगदान को हमेशा स्मरण में रखता है और सेवानिवृत्ति के उपरांत भी उनका मान-सम्मान बनाए रखना संस्था की प्राथमिकता है।

 

इस मौके पर स्थानीय पार्षद संदीप शर्मा, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, जलकल विभाग के वित्त अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, लेखा अधिकारी पंकज सोती, अधिशासी अभियंता सचिन कुमार यादव सहित जलकल विभाग के सभी अभियंता एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने रिटायर हो रहे साथियों को शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बिताए कार्यकाल को यादगार बताया।

 

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अनुभवों व योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का समापन स्नेह भोज के साथ हुआ, जिसमें सभी ने पारिवारिक भाव से सहभागिता निभाई।

 

यह विदाई समारोह न केवल एक औपचारिक आयोजन था, बल्कि एक भावनात्मक पल भी रहा, जहां दशकों की सेवा के बाद विदाई ले रहे कर्मचारियों को उनके समर्पण और मेहनत के लिए भावपूर्ण विदाई दी गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.