diwali horizontal

व्यापार मंडल की संपन्न हुई बैठक निहाल कुरैशी को बनाया गया उपाध्यक्ष !

सीतापुर LIVE 05/11/25

0 70

व्यापार मंडल की संपन्न हुई बैठक निहाल कुरैशी को बनाया गया उपाध्यक्ष !

(सिटीजन वॉयस:  सीतापुर संवाददाता: वी के तिवारी)

 सीतापुर:  जनपद के लहरपुर में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की एक बैठक बुधवार को व्यापार मण्डल अध्यक्ष रियाज अहमद बबलू के आवास पर आयोजित की गई।‌‌  बैठक में सर्व सम्मत से निहाल कुरैशी को व्यापार मंडल का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।इस मौके पर रियाज अहमद बबलू ने उनके मनोनयन पर हर्ष व्यक्त करते हए कहा कि व्यापारियों के प्रति इनकी लगन और कार्य क्षमता को देखते हुए व्यापार मण्डल के द्वारा इन्हें उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया हैं । इस मौके पर उपाध्यक्ष हाशिम अंसारी ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि निहाल कुरैशी के जुड़ने से व्यापार मंडल को मजबूती मिलेगी और इनके द्वारा दृढ़ता के साथ व्यापारी हित के लिए काम किया जाएगा।

निहाल कुरैशी के मनोनयन पर महामंत्री हरीश रस्तोगी, विशाल कपूर, हरीश जयसवाल, सियाराम जायसवाल, जावेद अंसारी, अनवर अंसारी, शरीफ अहमद, सरोज जायसवाल, अब्दुल हमीद मंसूरी, अमन जैन,आसिफ कुरैशी,नुमान मालिक आदि ने हर्ष व्यक्त किया।

खैराबाद नहर बाईपास के लिए 13.80 करोड़ रुपये स्वीकृत,जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

सीतापुर:  जनपद में खैराबाद क्षेत्र की बहु चर्चित असोढर से नहर बाईपास सड़क जो वर्षों से बदहाली की मार झेल रही थी,अब नई शक्ल में नजर आएगी। सरकार ने इसके चौड़ी करण और सौंदर्यीकरण के लिए 13.80 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। प्रथम किस्त जारी होने के बाद अब इस पर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। बताया जाता है कि यह नहर मार्ग पूर्व में तत्कालीन विधायक राजेंद्र कुमार गुप्ता के प्रयासों से बनवाया गया था।हालांकि,करीब बीस वर्षों तक समाजवादी पार्टी के विधायक राधेश्याम जायसवाल व सपा शासन में रहने के बावजूद इस मार्ग की कभी सुध नहीं ली। परिणामस्वरूप यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई।अब यह मार्ग बारह वर्षों के “बनवास” के बाद एक बार फिर बनकर तैयार होने जा रहा है। जगह-जगह गड्ढे,कीचड़ और जलभराव ने इस सड़क को दलदल में तब्दील कर दिया था। दोपहिया वाहन से लेकर ट्रक तक आए दिन फंसते रहे।बरसात के मौसम में यह सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती थी।भारी वाहन धंस जाते थे और बाइक सवारों को अपनी जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ता था।  ग्रामीणों का कहना है कि लम्बे समय से यहां मरम्मत कार्य तक नहीं हुआ था और हल्की बारिश में ही यह रास्ता नाले का रूप ले लेता था।इस मार्ग की दुर्दशा को लेकर लगातार समाचार प्रकाशित किए गए थे, जिन्हें नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ ने संज्ञान में लिया। इसके बाद क्षेत्रीय विधायक एवं नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ ने शासन स्तर पर पहल करते हुए इस परियोजना को स्वीकृति दिलाई और प्रथम किस्त जारी कराई।  यह नहर बाईपास मार्ग लगभग बावन गाँवों को जोड़ता है,जिससे रोज़ाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। खराब सड़क के कारण एम्बुलेंस और जरूरी वाहनों की आवा जाही तक प्रभावित हो रही थी सरकार की इस स्वीकृति से क्षेत्र के लोगों में उत्साह और संतोष का माहौल है।

 स्थानीय नागरिकों ने नगर विकास राज्य मंत्री के इस प्रयास की भूरि- भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है। लोगों का कहना है कि यह बाईपास मार्ग अब न केवल सीतापुर–बिसवां और सीतापुर–तंबौर मार्गों को सुगमता से जोड़ेगा,बल्कि क्षेत्र की सीतापुर खैराबाद यातायात व्यवस्था में भी बड़ा सुधार लेकर आएगा।

बी फार्मा छात्रों को नहीं मिली छात्रवृत्ति ;आज़ाद अधिकार सेना ने जिलाधिकारी से की शिकायत

सीतापुर:  जनपद के एक शिक्षा संस्थान की लापर वाही के कारण बी.फार्मा के छात्र लगातार दूसरे वर्ष भी छात्रवृत्ति से वंचित रह गए हैं। इस मामले में छात्रों की परेशानी को देखते हुए आज़ाद अधिकार सेना के जिला अध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा ने जिला अधिकारी सहित राज्य के उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर जांच कराए जाने और छूटे छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाए जाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, संस्थान प्रशासन ने छात्रों को छात्रवृत्ति आवेदन हेतु दो नवम्बर 2025 रविवार को बुलाया था। लेकिन उस दिन सर्वर डाउन होने का हवाला देते हुए छात्रों को वापस भेज दिया गया। अगले दिन जब छात्र दोबारा पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि साइट लॉक हो चुकी है।वहीं,जिला समाज कल्याण अधिकारी सीतापुर का कहना है कि वेबसाइट छः नवम्बर 2025 तक खुली रहेगी।

इस बीच शिक्षा संस्थान के प्रधानाचार्य रवि कांत ने बताया कि उन्होंने सत्रह छात्रों की सूची समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में रिसीव करा दी है। इस सम्बन्ध में जब समाज कल्याण अधिकारी से बात की गई तो उनका कहना था कि शिक्षा संस्थान का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी उनसे मिलने नहीं आया है।इस विरोधाभास के चलते छात्रों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है और ऐसा प्रतीत होता है कि बी.फार्मा के छात्रों को लगातार दूसरे वर्ष भी छात्रवृत्ति योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा।आज़ाद अधिकार सेना के जिला अध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा ने इस मामले में जिलाधिकारी सीतापुर, प्रमुख सचिव समाज कल्याण, राज्य पाल,मुख्यमंत्री कार्यालय तथा समाज कल्याण मंत्री उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ को पत्र लिख कर पूरा प्रकरण जांच कराने एवं छूटे हुए सत्रह छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने की मांग की है।

कारागार राज्य मंत्री ने फीता काटकर की कार्तिक पूर्णिमा मेले की भव्य शुरुआत 

 सीतापुर:जनपद के आदर्श नगर पंचायत हरगांव के प्राचीन सूर्यकुंड तीर्थ पर सदियों से लगते चले आ रहे ऐतिहासिक एवं पौराणिक कार्तिक पूर्णिमा मेले का मंगल वार देर शाम वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच फीता काट कर क्षेत्रीय विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही भव्य शुभारम्भ किया। मेला के शुरुआत होने से पूरे नगर में श्रृद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण व्याप्त रहा। कार्यक्रम का शुभारम्भ क्षेत्रीय विधायक एवं कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने किया। उनके साथ नगर पंचायत अध्यक्ष गफ्फार खाँ, प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश वर्मा, पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रेम सुन्दर अवस्थी,उप जिला अधिकारी धामिनी एम.दास,अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी समाजसेवी पण्डित चंद्रशेखर मिश्र व अधिशाषी अधिकारी श्रीश मिश्र उपस्थित रहे।
  सभी ने एतिहासिक सूर्यकुण्ड तीर्थ,भगवान गौरीशंकर भोलेनाथ और नीलकंठ महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर महाआरती सम्पन्न कराई।
  श्रृद्धालुओं ने भगवान गौरीशंकर भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया, दीपदान किया और भजन संध्या में शामिल होकर पूरा वातावरण भक्ति रस से सराबोर कर दिया।इसी के साथ कार्तिक पूर्णिमा मेला 2025 की रंगारंग और आध्यात्मिक शुरुआत हुई।
  लगभग एक माह तक चलने वाला यह मेला सांस्कृतिक कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों और स्थानीय प्रतिभाओं के प्रदर्शन से आगंतुकों को आकर्षित करेगा।मेले में दूर-दूर से व्यापारी एवं दुकानदार पहुंचे हैं। झूले, खाने-पीने की स्टॉलें और रंग-बिरंगी दुकानों से पूरा परिसर सज चुका है।
  राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा सूर्यकुण्ड तीर्थ की महिमा अद्वितीय है।यह मेला हमारी पौराणिक परम्परा और आस्था का प्रतीक है।हमारी सरकार ने पौराणिक स्थलों को भव्य स्वरूप देने का कार्य किया है। जहां नगर पंचायत ने प्राचीन ऐतिहासिक सूर्यकुण्ड तीर्थ एवं भगवान गौरी भोलेनाथ को आकर्षक रूप से सजाया तो वहीं सूर्यकुंड तीर्थ के बीच स्थित कुएं के ऊपर लगी भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा एवं सात घोड़ों पर सवार सूर्य भगवान की प्रतिमा अपनी अलग ही छटा बिखेर रही है। उप जिलाधिकारी सदर मेला अधिकारी धमनी एम दास नगर पंचायत के अध्यक्ष गफ्फार खां एवं अधिशाषी अधिकारी श्रीश मिश्र ने नगर वासियों सहित सभी श्रृद्धालुओं को गंगा स्नान पर्व की शुभकामनाएँ। मेला प्रभारी एसडीएम धामिनी एम.दास ने बताया कि श्रृद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं।
  अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी के निर्देशानुसार थाना हरगांव के प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी सतर्कता से सुरक्षा के लिए तैनात रहा। मेले में भव्य व्यवस्था होने के बावजूद भी अस्थाई रूप से रैन बसेरा की व्यवस्था ना होना श्रृद्धालुओं को कहीं ना कहीं अखर रहा है अधिकांश श्रद्धालुओं ने वैकल्पिक रूप से अस्थाई रैन बसेरा,स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कराए जाने की मांग मेला अधिकारी सहित नगर पंचायत के जिम्मेदारों से की है। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री उदित बाजपेई सुनील मिश्र बब्बू, सभासद अशोक मिश्र, शोएब खां,ऋषभ गुप्ता श्रीमती राजेश्वरी देवी पूर्व सभासद सुभाष जोशी, भारतीय जनता पार्टी के हरगांव मंडल अध्यक्ष संजय जायसवाल, भाजपा नेत्री श्रीमती विमला सिंह जिला सहकारिता प्रकोष्ठ के पूर्व संयोजक विजय मिश्र,सचिन मिश्र, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरुणेश त्रिपाठी गन्ना समिति हरगांव के संचालक समर बहादुर सिंह,प्रदीप सिंह,अनुपम सिंह,प्रदीप मिश्र,शांतनु मिश्र योगेंद्र मिश्र जुग्गी भोले बाबा के अनन्य भक्त मूलेंद्र शुक्ल उर्फ मुल्लू विनय मिश्र समेत हजारों श्रृद्धालु मौजूद रहे।

किसान मंच की मासिक बैठक में सरकार पर धान खरीद व खाद वितरण को लेकर जताई नाराजगी~किसान मंच 

 सीतापुर:  जनपद के जिला मुख्यालय के मोहल्ला मुंशीगंज में प्रति माह होने वाली किसान मंच की मासिक बैठक आज पांच नवम्बर 2025 को भी किसान मंच के कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में उपस्थिति पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर चर्चा की।
  बैठक में प्रमुख रूप से यह मुद्दा उठा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने की बात तो करती है,परंतु वास्तविकता में किसानों के साथ छलावा किया जा रहा है।इस समय अधिकांशत: सरकारी धान क्रय केन्द्रों पर किसानों का धान तौला नहीं जा रहा है।
  पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने धान क्रय केन्द्रों पर कब्जा जमा रखा है,और वे ही नमी का बहाना बनाकर आम किसानों का धान नहीं तौलने दे रहे हैं।जिस कारण किसानों को हफ्तों लाइन में लगकर भी तौल नहीं हो रही है, जबकि किसानों को अगली फसल की तैयारी के लिए तुरन्त बुवाई के लिए समय और धन की जरूरत रहती है।डीएपी के लिए भी किसानों को लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ता है।

  नवागत जिलाधिकारी को वर्तमान के इस ज्वलंत मुद्दों के निराकरण हेतु ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि नहरों की सिल्ट सफाई नहीं की जा रही है,जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

   किसान मंच के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि धान क्रय केन्द्रों पर किसानों का तुरन्त धान खरीदा जाए,खाद वितरण की समुचित व्यवस्था की जाए और नहरों की सिल्ट सफाई तत्काल कराई जाए ताकि आगामी फसलों पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े।
  बैठक में राष्ट्रीय सचिव/प्रदेश प्रभारी शिव प्रकाश सिंह महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष अल्पना सिंह जिला अध्यक्ष राकेश बाजपेई जिला संयोजक नवल किशोर मिश्र,विजय कुमार सिंह,उत्तम मौर्य, रामचंद्र मौर्य

दुष्कर्म मामले में जिला कारागार में सजा काट रहे कैदी की जिला अस्पताल में हुई मौत 

 सीतापुर:  जनपद के जिला कारागार में बंद एक कैदी की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई है।कैदी की मौत के बाद से जेल प्रशासन में हड़कम्प मच गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।
*क्या है पूरा मामला*?
  मृतक कैदी की पहचान सत्तावन वर्षीय विनोद कुमार निवासी मोहल्ला आनंद नगर,थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के रूप में हुई है। विनोद कुमार दुष्कर्म के एक मामले में दोषी था और सात साल की सज़ा काट रहा था। वह लगभग एक साल पहले ही जिला कारागार में बंद हुआ था।
*जेल प्रशासन का बयान*
  जेल प्रशासन ने बताया कि विनोद कुमार को सांस की पुरानी बीमारी थी।अचानक देर रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।तबियत बिगड़ने पर पहले कैदी का उपचार कारागार अस्पताल में कराया गया।
   वहां पर हालत में सुधार न होने की दशा में विनोद कुमार की गंभीर हालत होने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां जिला अस्पताल में इलाज के दौरान ही विनोद कुमार ने दम तोड़ दिया।
  जिला कारागार के एक कैदी की मौत का मामला होने के कारण अब इस घटना की मजिस्ट्रेट जाँच भी होने की संभावना है। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
*माँ ने लगाया आरोप*

 कैदी की मौत के मामले में उसकी मां ने बेटे की मौत पर सवाल उठाए हैं उसका कहना है कि वह अपने बेटे से कल जिला जेल में मिलने गई थी उसको चाय भी पिलाई थी तब वह पूरी तरह से ठीक था लेकिन अचानक आज सुबह उसकी मौत की जानकारी मिली उन्हें मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।जेल प्रशासन सास के वजह से मौत होना मान रही है। फिलहाल मौत का असली कारण पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। कृष्ण पाल,रजनीश बाजपेई, मो०अहमद बब्बू,हाशमी, सरला देवी, गायत्री सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।

सरकार नहीं दे रही धान बोरों के उठान पर ध्यान, किसानों को हो रही भारी दिक्कत
 सीतापुर जनपद में प्रदेश में इस वर्ष धान खरीद प्रक्रिया कुछ जिलों में एक अक्टूबर 2025 से तथा शेष जिलों में एक नवम्बर 2025 से प्रारम्भ की गई है,लेकिन बोरों के उठान में लापरवाही के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय सिख संगठन के जिला अध्यक्ष गुरपाल सिंह ने बताया कि धान खरीद शुरू होने के बावजूद क्रय केन्द्रों पर बोरों का उठान समय से नहीं हो रहा,जिससे किसानों की उपज सरकारी दर (एमएसपी) पर बिक नहीं पा रही है।
  उन्होंने कहा कि कई जिलों में अधिकारी और कर्मचारी केवल औपचारिक बधाई पत्र तक सीमित हैं,जबकि धरातल पर किसानों की कोई सुध नहीं ली जा रही।  गुरपाल सिंह ने कहा कि किसानों के पास धान रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है,वहीं चीनी मिलों में पेराई शुरू होने से स्थिति और जटिल हो गई है।किसान के पास अक्सर एक ही ट्रैक्टर-ट्रॉली होती है या तो वह गन्ना लेकर जाए या धान को क्रय केन्द्र पर लाइन में लगाकर खड़ा करे।सरकार की नीतियां किसानों को दोराहे पर खड़ा कर रही हैं,” उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करती है,वहीं दूसरी तरफ धान खरीद केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर फसल की तौल ही नहीं हो पा रही। केन्द्रों का सिस्टम केवल कागजों में लक्ष्य पूर्ण करने का फर्जीवाड़ा कर रहा है।
   जिला अध्यक्ष ने भारत सरकार से मांग की है कि धान क्रय केन्द्रों पर तत्काल बोरों के उठान की व्यवस्था कराई जाए ताकि किसान अपनी फसल को उचित मूल्य पर बेच सकें और प्रदेश में किसानों का विश्वास शासन पर कायम रहे।

मजबूत संगठन से ही होगी लक्ष्य की प्राप्ति:रिज़वान अहमद

  सीतापुर:  जनपद के बिसवां के सिधौली रोड स्थित कांग्रेस पार्टी के कार्यालय पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष,सांसद प्रति निधि एवं बिसवां के संगठन प्रभारी रिज़वान अहमद ने उपस्थित पदाधिकारियों से संगठन के महत्व पर चर्चा की।
   उन्होंने बताया कि किसी भी राजनीतिक दल का बल उसके संगठन की मजबूती पर निर्भर करता है।उन्होंने कहा कि जिस गम्भीरता के साथ सांसद राकेश राठौर संगठन को लगा तार बल एवं गतिशीलता देने का कार्य कर रहें है। उसी मनोयोग से हमें भी लगना होगा।  बिसवां से सांसद प्रति निधि प्रदीप सिंह ने उपस्थित जनों से चौपाल लगाकर लोगों को जोड़ने का सुझाव दिया।बैठक की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक कमेटी के अध्यक्ष बकरीदी खां ने आए हुए समस्त पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

 ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की इस बैठक में मुख्य रूप से नगर अध्यक्ष अमर नाथ मेहरोत्रा, डॉक्टर आर.पी. वर्मा, शिवा शुक्ला,अब्दुल मुज़ीब, कमला रावत, जगदीश चंद्र शुक्ला, रामदास भार्गव, विशंभर पासी, अख़्तर अली सहित अनेकों लोग उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने दधीचि कुंड का निरीक्षण कर देखीं व्यवस्थाएं
पूजन अर्चन कर सभी के कल्याण की,की कामना
 सीतापुर जनपद के जिलाधिकारी डा.राजा गणपति आर.ने मिश्रिख स्थित दधीचि कुण्ड का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं।उन्होंने पूजन अर्चन कर सभी के कल्याण की कामना भी की। साथ ही दधीचि कुण्ड पर धर्मगुरुओं से वार्ता कर समस्याओं की जानकारी भी ली एवं समस्याओं के समुचित निस्तारण के निर्देंश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये।
  ‎जिलाधिकारी ने नैमिषारण्य में रुद्रावर्त का निरीक्षण किया एवं पूजन अर्चन भी किया। जिलाधिकारी ने संपर्क मार्गाे के दुरुस्तीकरण एवं पर्यटन सुविधाओं के विकास हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु समुचित कार्यवाही की जाये।
 निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह, उप जिला अधिकारी मिश्रिख शैलेन्द्र मिश्र,अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग रीमा सोनकर, सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.