
लखनऊ में भीषण गर्मी से राहत के लिए नगर निगम ने स्थापित किए कई कूलिंग सेंटर
लखनऊ: लखनऊ नगर निगम ने बढ़ती गर्मी और हीट वेव के बीच आमजन को राहत देने के लिए विशेष कूलिंग सेंटर स्थापित किए हैं। 1090 चौराहे पर बने इस कूलिंग सेंटर का उद्घाटन महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया। इस मौके पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, कई पार्षद एवं नागरिक भी मौजूद रहे।महापौर ने बताया कि 1090 चौराहे के साथ-साथ जीएसटी भवन, जीपीओ विधानसभा मार्ग, भार्गव पेट्रोल पंप रोड और नगर निगम मुख्यालय जैसे प्रमुख स्थानों पर भी कूलिंग सेंटर बनाए गए हैं। इन सेंटरों में बेड, कुर्सी, पंखा, कूलर, ठंडा पानी और खाने के लिए गुड़ जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं ताकि लोग तेज धूप और गर्मी से राहत पा सकें।इसके अतिरिक्त नगर निगम ने शहर के 25 रैनबसेरों को भी गर्मी से बचाव के लिए बेहतर सुविधाओं से लैस किया है। अब इन रैनबसेरों में स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध है, जहां लोग आराम कर सकते हैं। जलकल विभाग की मदद से शहर के 150 से अधिक स्थानों पर कैनोपी लगाकर शीतल जल की व्यवस्था भी की गई है, जिससे रिक्शा चालक, श्रमिक और फुटपाथ पर काम करने वाले लोग राहत पा रहे हैं।शहरवासियों ने महापौर की इस पहल की व्यापक सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस समय जब तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा रहा है, तब यह कूलिंग सेंटर लोगों के लिए राहत का कारण बन रहे हैं। महापौर ने यह भी कहा कि भविष्य में नगर निगम अन्य व्यस्त इलाकों में भी इस तरह की सुविधाएं बढ़ाने की योजना बना रहा है।
