
लखनऊ : महापौर संयुक्ता भाटिया द्वारा कोरोना महामारी के उपरांत जोनल कार्यालयों में ही जनता की मूलभूत समस्याओं के निस्तारण हेतु लोक मंगल दिवस का पुनः प्रारम्भ करते जनवरी माह के प्रथम मंगलवार को नगर निगम के जोन 1 एवं जोन 2 कार्यालय में आयोजित किया गया।जिसमें महापौर संयुक्ता भाटिया और नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने जनता की समस्याओं के प्रभावी निस्तारण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। ज़ोन 1 का लोक मंगल दिवस लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में एवं जोन 2 का लोक मंगल दिवस ऐशबाग स्थित नगर निगम कार्यालय में आयोजित किया गया।
बसीरत गंज वार्ड के राजेन्द्र नगर में गिरीश ने महापौर से हाथीखाने स्कूल में मिनी ट्यूबवेल ठीक कराने के लिए अनुरोध किया, जिसपर महापौर ने तत्काल महाप्रबंधक जलकल को आवश्यक कार्यवाही करते हुए पानी की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया।
आराधना साहू ने महापौर को बताया कि कश्मीरी मोहल्ले के टिकडी खुर्द के पास अलाव की व्यवस्था न होने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को इस ठंडक में परेशानी का सामना करना पड रहा है, जिसपर महापौर ने अपर नगर आयुक्त अमित कुमार को अलाव की व्यवस्था कराने के लिए निर्देशित किया।
श्रवण कुमार निवासी शाही गली शांति भवन ने महापौर को बताया कि गली में पानी की पाइपलाइन में सीवर का पानी भर कर आता है, जिसपर महापौर ने महाप्रबंधक जलकल को समस्या का निस्तारण करा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।
राजेन्द्र नगर निवासी राजेश ने घर के सामने लाइट न होने की बात कही, जिसपर महापौर ने मुख्य अभियंता(विद्युत/यांत्रिकी) को खाली पोलो का निरीक्षण कर मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
255/265 कुण्डरी रकाबगंज निवासी शांति त्रिपाठी ने भीषण ठंड में खजुहा चौराहा और शास्त्री नगर चौराहे पर अलाव की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया, जिसपर महापौर ने नगर अभियंता को जनहित में अलाव की व्यवस्था कराने के लिए निर्देशित किया।
लोक मंगल दिवस के अवसर पर कुल 49 शिकायते प्राप्त हुई, जिसमे गृहकर की 4, मार्गप्रकाश की 03, सफाई से 7, जलसंस्थान की 07, अभियन्त्रण की 10 एवं अन्य विभागों से 18 शिकायते प्राप्त हुई, जिसके निस्तारण हेतु को महापौर संयुक्ता भाटिया और नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया।
लोक मंगल दिवस के दौरान महापौर संयुक्ता भाटिया, नगर आयुक्त अजय द्विवेदी, अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, अर्चना द्विवेदी, राकेश यादव, नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, भाजपा पार्षद दल नेता राम कृष्ण यादव, पार्षद शशि गुप्ता, सुशील तिवारी पम्मी, नीरज यादव, अनुराग मिश्रा, शिवपाल सवारियां, राजेश दीक्षित, मोहम्मद रईस अहमद, राजेश मालवीय, राजीव कृष्ण त्रिपाठी, पदमिनी चौधरी, संतोष तेवतिया, राकेश मिश्रा, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, राम नगीना त्रिपाठी, महाप्रबंधक जलकल एस०के० वर्मा, जोन 1 के ज़ोनल अधिकारी दिलीप श्रीवास्तव, नगर अभियंता एस०पी० तिवारी, जोन 2 के जोनल अधिकारी अरुण चौधरी, नगर अभियंता अमरनाथ, सहित सम्बंधित जोनों के विभागीय अधिकारी उपस्थथित रहे