
जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की प्राथमिकता: मंत्री ए.के. शर्मा
लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने सोमवार को अपने लखनऊ स्थित कैंप कार्यालय पर जनसुनवाई करते हुए बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों ने अपनी शिकायतें मंत्री के समक्ष रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से विद्युत आपूर्ति, बिल सुधार, ट्रांसफार्मर परिवर्तन, सड़क निर्माण, जल निकासी, सीवरेज व्यवस्था, पार्कों के रखरखाव और नगर निगम सेवाओं से संबंधित मुद्दे शामिल थे।मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अधिकारी जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जनपद सुल्तानपुर से आए एक फरियादी की शिकायत पर मंत्री शर्मा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल से फोन पर बात की और समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी शिकायत बिना निस्तारण के लंबित नहीं रहनी चाहिए, क्योंकि जनता की सुविधा ही सरकार की जिम्मेदारी है।जनसुनवाई के दौरान मंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा की जाए और प्रत्येक मामले की अद्यतन स्थिति कार्यालय में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी मैदानी स्तर पर नियमित भ्रमण करें और जनता की समस्याओं की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करें।मंत्री शर्मा ने कहा कि जनसुनवाई केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह जनता और शासन के बीच संवाद और विश्वास का मजबूत माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका समाधान व्यावहारिक और स्थायी रूप में किया जाए।इस अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, अधिशासी अधिकारी, नगर निगम प्रतिनिधि तथा संबंधित अनुभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
