diwali horizontal

देश की रक्षा करते शहीद हो गया झुंझुनू का लाल।

0 749

देश की रक्षा करते शहीद हो गया झुंझुनू का लाल।

इंडिया Live: झुंझुनूं मेहरादासी के लाडले शहीद सुरेन्द्र कुमार मोगा की पार्थिव देह जैसे ही मंडावा पहुंची,

 

माहौल गमगीन हो गया। डंडों के बालाजी मंदिर से शुरू हुई 8 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। भारत माता की जय और शहीद सुरेन्द्र अमर रहें के नारों से आसमान गूंज उठा। पार्थिव शरीर जैसे ही उनके गांव मेहरादासी स्थित घर पहुंचा, पत्नी सीमा बार-बार उनके गाल थपथपाकर उठाने की कोशिश करती रही, उठो सुरेन्द्र, प्लीज उठो…। फिर जय हिन्द कहते हुए वह बेसुध होकर ज़मीन पर गिर पड़ी।एयरफोर्स में मेडिकल असिस्टेंट सार्जेंट रहे सुरेन्द्र मोगा ने 9 मई की रात करीब 12 बजे पत्नी सीमा से आखिरी बार फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान सीमा ने पाकिस्तान की ओर से आ रहे ड्रोन को लेकर चिंता जताई, जिस पर सुरेन्द्र ने आश्वस्त किया सब कुछ ठीक है, मैं सुरक्षित हूं।घर में मां नानू देवी, बेटा दक्ष, बेटी वृतिका और बहनें बिलख-बिलखकर रो रही थीं। राजकीय सम्मान के साथ शव यात्रा को गांव के सार्वजनिक चौक तक ले जाया गया। वायुसेना के ग्रुप कैप्टन विनय भारद्वाज के नेतृत्व में वायुसेना और पुलिस की टुकड़ियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंतिम संस्कार का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब 7 वर्षीय दक्ष ने अपने पिता को सैल्यूट करते हुए कहा जय हिंद पापा…और उन्हें मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।शहीद की बेटी वृतिका ने भी बताया कि उसकी रात नौ बजे के लगभग पिता से बात हुई थी। तब उन्होंने बताया था कि यहां सब कुछ सेफ है। मैं सुरक्षित हूं। बेटी ने कहा कि दुश्मनों ने मेरे पापा की जान ली है, मैं फौज में जाऊंगी और पापा के दुश्मनों से बदला लूंगी। पापा की तरह फौजी बनूंगी: चुनचुनकर बदला लूंगी। मेरे पापा बहुत अच्छे थे.. मेरे पापा ने देश की रक्षा की है। अब पूरा पाकिस्तान खत्म होना चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.