
देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति, भाजपा संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ कर रही है काम: अखिलेश यादव
फर्रुखाबाद,लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि देश इस समय अघोषित आपातकाल से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान और लोकतंत्र की मूल आत्मा पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सच लिखने से रोका जा रहा है, संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा हो रहा है और जाति-धर्म के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है।फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद स्वर्गीय छोटे सिंह यादव की त्रयोदशी एवं शांति पाठ कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा समय में देश में ऐसी घटनाएं हो रही हैं जो घोषित आपातकाल के दौर में भी नहीं हुई थीं। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण द्वारा किए गए संपूर्ण क्रांति के आवाहन की आज भी उतनी ही आवश्यकता है, क्योंकि भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्षी नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसा कर जेल भेज रही है, आम लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है और गरीबों की ज़मीनों पर कब्ज़ा हो रहा है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में वोट डालने तक से लोगों को रोका जा रहा है और भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। भाजपा की राजनीति समाज को धर्म और जाति के नाम पर बांटने और एक-दूसरे से लड़वाने की है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसकी विचारधारा अंग्रेजों की “डिवाइड एंड रूल” नीति पर चल रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है, और प्रशासनिक फैसले एकपक्षीय तथा अन्यायपूर्ण हो गए हैं।इटावा में भागवत कथा वाचकों के साथ हुई अमानवीय घटना का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वर्चस्ववादी मानसिकता के लोगों ने न केवल कथा वाचकों के साथ दुर्व्यवहार किया, बल्कि उनका अपमान करते हुए उनके बाल काट दिए और उन पर पेशाब तक कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सत्ता में ऐसे तत्वों को संरक्षण मिल रहा है और समाज में इनके लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हमला करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश का हर विभाग भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है। जल जीवन मिशन योजना में भारी भ्रष्टाचार हुआ है, जिससे पानी की टंकियां हर महीने गिर रही हैं। अवैध खनन चरम पर है और भाजपा विधायक स्वयं एसडीएम पर हाथ उठा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रांसफर-पोस्टिंग तक में वसूली की जा रही है।भर्तियों में अनियमितता पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पीडीए वर्ग के युवाओं को आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया और भाजपा सरकार ने संविधान का उल्लंघन किया है। उन्होंने पुलिस भर्ती में धांधली का आरोप लगाते हुए मांग की कि भर्ती की पूरी सूची सार्वजनिक की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग की व्यवस्था समाप्त करेगी और युवाओं को पक्की नौकरी दी जाएगी।पूर्व सांसद स्व. छोटे सिंह यादव को याद करते हुए अखिलेश यादव ने उन्हें समाजवादी आंदोलन का सच्चा सिपाही बताया और कहा कि उनका जीवन सामाजिक न्याय और संगठन निर्माण को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि छोटे सिंह यादव की कमी हमेशा पार्टी को महसूस होती रहेगी और उम्मीद जताई कि उनका परिवार उनके विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाएगा।इस अवसर पर शांति पाठ में शामिल होकर अखिलेश यादव ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसे नेताओं की विरासत को हमेशा सम्मान देती रहेगी और उनके दिखाए रास्ते पर चलकर सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाती रहेगी।
