diwali horizontal

विकास को नई गति देगी यह सड़क :- सूर्यप्रताप शाही 

देवरिया Live 17/10/25

0 42

विकास को नई गति देगी यह सड़क :- सूर्यप्रताप शाही 

देवरिया: क्षेत्र के बैतालपुर से बलुआ बरपार होते हुए बल्टिकरा तक जाने वाली लगभग 9.2 किलोमीटर लंबाई वाली सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए बैतालपुर में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और सदर सांसद शशांक मणि के द्वारा भूमिपूजन और शिलान्यास कार्य सम्पन्न हुआ । वर्तमान में इस  सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर है, जो अब बढ़ाकर 5.5 मीटर हो जाएगी । इस सड़क का निर्माण कार्य कार्यदाई संस्था पी डब्ल्यू डी की देख रेख गुणवत्तापूर्ण सम्पन्न होगा ।  इस दौरान कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि यह सड़क स्थानीय विकास में महत्वपूर्ण योगदान करेगी और क्षेत्र के लोगों को बहुत लाभ होगा, इस सड़क के निर्माण से स्थानीय यातायात में सुधार होगा और लोगों को आवागमन में आसानी होगी।

सदर सांसद शशांक मणि ने कहा कि देवरिया लोकसभा के विकास के लिए हम लोग सदैव तत्परता के साथ काम कर रहे हैं । इस सड़क के बन जाने से बैतालपुर, सझवां, बलुआ, बरपार सहित सैकड़ों गांवों के लोगों को आने जाने में काफी सुविधा और सहूलियत होगी, तथा बैतालपुर क्षेत्र के साथ साथ देवरिया लोकसभा क्षेत्र का भी चौमुखी विकास होगा । श्री मणि ने कहा कि पिछली सरकारों ने देश की जनता के पैसों को लूटने का कार्य किया , भाजपा सरकार जनता के पैसों को विकास कार्यों में लगाकर देश का नव निर्माण कर रही है । कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए सदर विधायक डा शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि यह सड़क बैतालपुर क्षेत्र की जनता के लिए वरदान साबित होगी । भाजपा सरकार परिवहन की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है । हम लोग राष्ट्र और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं ।

सांसद शशांक मणि बोले: ‘अमृत प्रयास’ रणनीति के तहत विकसित होगी अंतरिक्ष जागरूकता की संस्कृति

देवरिया:  भारतीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र (इन–स्पेस) ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और एस्ट्रोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (एएसआइ) के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर के मॉडल रॉकेट्री/कैनसेट इंडिया स्टूडेंट कंप्टीशन 2024-25 की घोषणा की है। इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 27 से 30 अक्टूबर 2025 तक उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में तमकुहीराज स्थित नारायणी नदी के तट पर आयोजित किया जाएगा।

 

 इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को मॉडल रॉकेट के डिजाइन, विकास और लॉन्च का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। इसमें छात्रों को ऐसे मॉडल रॉकेट तैयार करने होंगे जो परिभाषित मिशन उद्देश्यों को पूरा करते हुए एक किलोग्राम के कैनसेट (एक प्रकार का छोटा सैटेलाइट) को एक किलोमीटर की ऊंचाई पर सफलतापूर्वक तैनात कर सकें। यह छात्रों को वास्तविक दुनिया के अंतरिक्ष मिशनों का अनुकरण (सिम्युलेट) करने का अवसर देगा और भारत की अगली पीढ़ी के अंतरिक्ष पेशेवरों को तैयार करने में योगदान देगा।

इस राष्ट्रीय फिनाले के लिए देश भर के विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों से कुल 71 छात्र टीमों ने योग्यता प्राप्त की है, जिसमें लगभग 600 छात्र, फैकल्टी सदस्य और मेंटर शामिल हैं। इनमें 36 टीमें कैनसेट श्रेणी में और 35 टीमें मॉडल रॉकेट्री श्रेणी में प्रतिस्पर्धा करेंगी।

73,000 छात्रों तक पहुंचा जागरूकता अभियान 

देवरिया:  प्रतियोगिता से पहले जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से, इन-स्पेस ने इसरो के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के सात जिलों  गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, जौनपुर, बहराइच, बुलंदशहर और गौतम बुद्ध नगर  में ‘आर्ट-इन-स्पेस’ और ‘स्पेस क्विज 20:20’ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया था, जिसमें लगभग 73,000 छात्रों ने भाग लिया था। इसका निष्पादन ‘नमस्कार फाउंडेशन’ द्वारा किया जा रहा है। छात्रों में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति गहरी रुचि जगाने के लिए रॉकेट, सैटेलाइट, एस्ट्रोनॉट सूट और शैक्षिक मॉडल से लैस एक “अंतरिक्ष रथ” भी जागरूकता फैला रहा है। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ग्रैंड फिनाले में सम्मानित किया जाएगा और उन्हें इवेंट स्थल पर इमर्सिव स्पेस हैबिटेट मॉड्यूल का अनुभव भी मिलेगा।

अमृत प्रयास’ के मिशन से जुड़ा यह आयोजन
लोकसभा क्षेत्र  के सांसद शशांक मणि ने कहा कि “देवरिया लोकसभा क्षेत्र के तमकुहीराज इलाके में कैनसेट मॉडल रॉकेट प्रतियोगिता की मेजबानी करना सम्मान की बात है। यह प्रतियोगिता इस क्षेत्र की अवसरों को उत्साहित करेगी और अंतरिक्ष जागरूकता की संस्कृति का बीज बोएगी। यह हमारी 10 वर्षीय विकासात्मक रणनीति ‘अमृत प्रयास’ के मिशन के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य इस क्षेत्र में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का उपयोग कर विकसित देवरिया लोकसभा के संकल्पों को साकार करना है।”
इस पहल पर बोलते हुए, इन-स्पेस के प्रमोशन निदेशालय के निदेशक और एएसआइ के कार्यकारी सचिव डॉ. विनोद कुमार ने कहा, “यह प्रतियोगिता प्रायोगिक शिक्षण और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के साथ छात्रों की प्रारंभिक भागीदारी को बढ़ावा देने की इन–स्पेस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्हें वास्तविक दुनिया की चुनौतियों को हल करने का अवसर देकर, हम भारत के भविष्य के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और उद्यमियों के लिए एक मजबूत नींव बनाने की उम्मीद करते हैं।” उन्होंने इस फिनाले को संभव बनाने में उत्तर प्रदेश सरकार और कुशीनगर जिला प्रशासन के समर्थन को महत्वपूर्ण बताया।

देवरिया बाईपास परियोजना का सांसद ने किया भूमि पूजन

देवरिया: सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार की परियोजना के अंतर्गत सत्रह सौ करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले एन एच 727 ए पर 27.14 किमी से 46.78 किमी तक देवरिया बाईपास का सदर सांसद शशांक मणि ने अमेठी के मुंडेरा बुजुर्ग, दुर्गा गेट के समीप भूमि पूजन कर आधारशिला रखी । इस दौरान उन्होंने कहा कि देवरिया बाईपास के निर्माण हो जाने से भारी वाहनों का दबाव शहर में नहीं पड़ेगा जिससे जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी और आवागमन बेहतर होगा । श्री मणि ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में मजबूती के साथ काम कर रही है । उन्होंने कहा कि देश के विकास में सड़कों का महत्वपूर्ण योगदान है, आवागमन के संसाधन सुदृढ़ होने से जनपद का तेजी से विकास होगा तथा आम जनता के साथ साथ यहां के किसानों, व्यापारियों और उद्यमियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

 

रामपुर आरक्षण के विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में संपूर्ण भारत का उत्तरोत्तर विकास हो रहा है । इस दौरान जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा, भाजपा नेता नरेंद्र मिश्रा पप्पू, नीरज शाही, पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गोविंद चौरसिया, बक प्रमुख पिंटू जायसवाल, मंडल उपाध्यक्ष मुकुल मणि त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे ।

हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षकों के चयन हेतु आवेदन आमंत्रित 

 देवरिया: जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडेय ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी सर्कुलर 6 अक्टूबर, 2025 के तहत हज यात्रियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रशिक्षकों के चयन हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 अक्टूबर, 2025 तक जारी रहेगी। आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट

पर किए जाएंगे।
        प्रशिक्षकों के चयन हेतु कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) का आयोजन 8 नवम्बर, 2025 को किया जाएगा।

  2027 तक बाल श्रम मुक्त बनाने का लक्ष्य, देवरिया में जागरूकता अभियान तेज

देवरिया: सहायक श्रम आयुक्त  स्कन्द कुमार ने बताया कि प्रमुख सचिव, श्रम विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रदेश को वर्ष 2027 तक बाल श्रम मुक्त बनाया जाना है। इसके तहत बाल श्रमिकों को श्रम से मुक्त कर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से आच्छादित किया जाएगा। साथ ही उन्हें कौशल विकास प्रशिक्षण  के माध्यम से उनके परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा।

 उन्होंने समस्त नागरिकों, व्यापारियों, प्रतिष्ठान स्वामियों, दुकानदारों तथा फैक्ट्री मालिकों से अपील की है कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का कार्य न कराएँ तथा 14 से 18 वर्ष के किशोरों को किसी भी खतरनाक कार्य अथवा प्रक्रिया में नियोजित न करें। बाल श्रम कराना एक गंभीर एवं दण्डनीय अपराध है। बाल श्रम कराते पाए जाने पर 6 माह से 2 वर्ष तक का कारावास या ₹20,000 से ₹50,000 तक का जुर्माना अथवा दोनों हो सकते हैं। पुनः अपराध की स्थिति में और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सहायक श्रम आयुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी स्थान पर बाल श्रम होता दिखाई दे, तो उसकी सूचना श्रम विभाग, विकास भवन परिसर  जिला टास्क फोर्स या चाइल्डलाइन हेल्प नंबर 1098 पर दें।
       उन्होंने कहा कि जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने में सभी की सहभागिता आवश्यक है। आइए, वर्ष 2027 तक देवरिया को बाल श्रम मुक्त जिला बनाएं और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा एवं सुरक्षित बचपन का अधिकार दिलाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएँ।
Leave A Reply

Your email address will not be published.