
संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए नगर निगम का व्यापक अभियान, सभी 110 वार्डों में युद्धस्तर पर फॉगिंग और सफाई
संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए नगर निगम का व्यापक अभियान, सभी 110 वार्डों में युद्धस्तर पर फॉगिंग और सफाई
लखनऊ: मॉनसून सीजन में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए नगर निगम लखनऊ ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को तेज कर दिया है। शहर के सभी 110 वार्डों में फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और नालियों की नियमित सफाई का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान की निगरानी जिलाधिकारी, नगर आयुक्त गौरव कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.के. श्रीवास्तव, जोनल सेनेटरी ऑफिसर और एसएफआई स्तर पर की जा रही है। हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी क्षेत्र में बीमारी फैलने की संभावना को समय रहते रोका जा सके।मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से समन्वय बनाकर वेक्टर जनित रोगों से जुड़ी सूचनाएं प्राप्त कर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। जहां कहीं भी बीमारी के संभावित प्रकोप की जानकारी मिलती है, वहां विशेष अभियान चलाकर फॉगिंग और एंटी लार्वा स्प्रे कराया जाता है।[बारिश और अत्यधिक नमी के कारण यदि किसी क्षेत्र में तत्काल फॉगिंग संभव नहीं हो पाती, तो संबंधित टीमों को 2 से 4 दिनों के भीतर उस क्षेत्र में फॉगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को साफ निर्देश हैं कि सफाई या फॉगिंग से जुड़ा कोई भी कार्य लंबित न रह जाए।
जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों में जलकल, इंजीनियरिंग विभाग और आर.आर. विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान कराया जा रहा है। जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आस-पास जलभराव न होने दें और यदि कहीं मच्छरों के प्रजनन स्थल की आशंका हो तो तत्काल संबंधित वार्ड कार्यालय या नगर निगम की हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते जरूरी कार्रवाई की जा सके।
