
लखनऊ: लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन के तत्वावधान में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग पर आधारित दो पुस्तकों का विमोचन किया गया। डॉ. धीरज मेहरोत्रा द्वारा अति प्रासंगिक विषयवस्तु पर लिखित इन दोनों पुस्तकों का विमोचन प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना डॉ. नवनीत सहगल ने किया। इस दौरान डॉ. सहगल ने नॉलेज शेयरिंग के माध्यम से स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में डा. मेहरोत्रा द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना भी की। अकादमिक प्रचारक और लखनऊ के एक पूर्व कंप्यूटर शिक्षक डॉ धीरज मेहरोत्रा को भारत के राष्ट्रपति द्वारा देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के रूप में सम्मानित किया जा चुका है।
बताया गया कि डॉ. मेहरोत्रा एक शिक्षक-प्रशिक्षक भी हैं तथा एक्सपेरीमेंटल लर्निंग, एनएलपी, आॅग्मेन्टेड रियलिटी, एआई एंड मशीन लर्निंग तथा क्लासरूम मैनेजमेंट जैसे विषयों पर पूरे भारत में कार्यशालाएं आयोजित करते रहे हैं। पुस्तकों में से एआई बेसिक्स फॉर स्कूल स्टूडेंट्स शीर्षक से लिखी पुस्तक सीबीएसई द्वारा निर्धारित लर्निंग आॅफ कांसेप्ट पर केंद्रित है। इस मॉड्यूल का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को समझने और जीवन में इसके उपयोग को विकसित करना है।