
लखनऊ : योगी सरकार ने एक जुलाई, 2021 से कर्मचारियों व पेंशनरों को 11 फीसदी बढ़ा महंगाई भत्ता (डीए) व महंगाई राहत (डीआर) देने का आदेश जारी कर दिया है। यानी अब उन्हें 28 फीसदी डीए मिलेगा। इससे 16 लाख कर्मचारियों व 12 लाख पेंशनरों को फायदा मिलेगा। वहीं, सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापकों को लंबे अर्से बाद प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नत करने का फैसला किया है। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी ने विभाग को सहायक अध्यापकों की पदोन्नति का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कोविड महामारी के चलते जनवरी-2020, जुलाई-2020 व जनवरी 2021 में डीए व डीआर में वृद्धि नहीं की गई थी। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अनुमति के बाद अपर मुख्य सचिव वित्त एस. राधा चौहान ने एक जुलाई 2021 सेइसका आदेश जारी कर दिया।
प्रदेश में एक लाख 4 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालयों में तीन लाख से अधिक सहायक अध्यापक एवं प्रधानाध्यापक कार्यरत हैं। प्राथमिक विद्यालयों में 10 हजार से अधिक स्कूलों में प्रधानाध्यापक के पद रिक्त है। वर्ष 2016 से ही इनकी पदोन्नति नहीं हुई है। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी ने प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों की पदोन्नति में वाद लंबित नहीं होने पर उन्हें सबसे पहले प्राथमिक प्रधानाध्यापक के पद पर पदोन्नति का प्रस्ताव देने के निर्देश दिए हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों की पदोन्नति को लेकर उच्च न्यायालय में वाद विचाराधीन है। बेसिक शिक्षा मंत्री ने विभाग के प्रमुख सचिव को मजबूत पैरवी कराकर मामले का निस्तारण कराने का निर्देश दिया है, ताकि उच्च प्राथमिक अध्यापकों की पदोन्नति भी की जा सके।