
इटौंजा क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, तीन घायल
लखनऊ: लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा महोना कस्बे के पास कच्ची मजार के निकट हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना की सूचना रात लगभग दस बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद इटौंजा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से ट्रामा सेंटर तथा सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया गया।स्थानीय नागरिकों और चश्मदीदों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, टकराने वाली मोटरसाइकिलों में से एक स्प्लेंडर (वाहन संख्या UP 32 QH 9784) थी, जबकि दूसरी राइडर बाइक (वाहन संख्या UP 32 PS 4472) थी। दोनों वाहनों पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कुछ घायलों को मौके पर मौजूद लोगों द्वारा भी तत्काल अस्पताल भेजा गया।इस हादसे में अकबरपुर, इटौंजा निवासी अठारह वर्षीय आर्यन, जो स्प्लेंडर बाइक पर सवार था, गंभीर रूप से घायल हुआ और ट्रामा सेंटर में इलाजरत है। वहीं, इटौंजा के किशनपुर गांव निवासी हरिओम, जो राइडर बाइक चला रहा था, सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती है। एक अन्य युवक बबली को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद वह अपने घर लौट गया।घटना में कठवारा, बीकेटी निवासी बीस वर्षीय मोहित, जो आर्यन का मौसेरा भाई था और स्प्लेंडर बाइक पर पीछे बैठा था, ट्रामा सेंटर में मृत घोषित किया गया। वहीं, किशनपुर, महोना निवासी महेंद्र उर्फ टोमिट की सौ शैय्या अस्पताल में मौत हो गई। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।इस हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर तीन लोगों की मौत की खबरें भी प्रसारित की जा रही हैं, जिन पर स्पष्टीकरण देते हुए पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच और पुष्टि के अनुसार केवल दो व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। मृतकों और घायलों के परिजन मौके पर मौजूद हैं और घटना को लेकर पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
