
लखनऊ में कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत जिला/शहर कमेटियों के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, राज बब्बर ने दिलाई संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा की शपथ
लखनऊ में कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत जिला/शहर कमेटियों के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, राज बब्बर ने दिलाई संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा की शपथ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के प्रथम चरण की सफलता के उपलक्ष्य में आज लखनऊ में जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन प्रदेशव्यापी अभियान के उस क्रम का हिस्सा है, जिसके तहत 3 जुलाई से 7 जुलाई तक सभी जनपदों में कार्यकारिणी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जा रही है।
आज के समारोह में लखनऊ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह ‘बबलू’, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी और डॉ. शहजाद आलम के संयुक्त नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन अपराह्न 1 बजे हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के भूतपूर्व अध्यक्ष राज बब्बर रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री राज बहादुर ने की। संचालन शहर अध्यक्ष अमित त्यागी ने किया।शपथ ग्रहण से पहले राज बब्बर ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और इसके बाद उन्हें कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप देश की सांप्रदायिक, जातिवादी और संविधान विरोधी ताकतों से संघर्ष करने, सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा समाज के शोषित, वंचित वर्गों को न्याय दिलाने के लिए निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी और समर्पण के साथ होना चाहिए।राज बब्बर ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दौर अत्यंत चुनौतीपूर्ण है, जब संविधान को कमजोर करने और समाज को नफरत के आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है। ऐसे समय में कांग्रेस को गांधीवादी मूल्यों और एकता की विचारधारा के साथ खड़ा होना होगा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के मार्गदर्शन, मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व, राहुल गांधी की सामाजिक न्याय नीति और प्रियंका गांधी के उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन के विजन को साकार करने की जिम्मेदारी अब नए पदाधिकारियों के कंधों पर है।पूर्व सांसद ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस की विचारधारा देश को जोड़ने वाली है और हमें हिंसा के जवाब में हमेशा अहिंसा का मार्ग अपनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने पद की गरिमा को इस स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया कि जनता खुद उन्हें पहचानकर उनका नाम लेकर ‘जिंदाबाद’ कहे। कांग्रेस एक विशाल वटवृक्ष है जिसे सभी को मिलकर हराभरा बनाए रखना है।समारोह में पूर्व मंत्री राज बहादुर, प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, पूर्व प्रदेश महासचिव (संगठन) अनिल यादव, लखनऊ के कोऑर्डिनेटर संजीव पांडेय एडवोकेट और प्रमोद सिंह, पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला समेत अनेक नेताओं ने भी संबोधित किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें एडवोकेट आरबी सिंह, रईस अहमद, किश्वर जहां, मनीष जायसवाल, अभय सिंह ‘अप्पी’, संजय श्रीवास्तव, फखरुल इस्लाम, अजहर बेग, डॉ. इरफान, बलदेव लाठी, गोपाल कृष्ण चौधरी, राजीव चंद्र मिश्रा, अमन यादव, अनिल निषाद, शैलेन्द्र जैन, आदर्श लोधी, नरेन्द्र सिंह, राजू सरदार, विनोद रावत, नीरज श्रीवास्तव सच्चिदानाथ, रजनी गौतम, रामबोध पाण्डेय, अभिमन्यु विश्वकर्मा, सुरेश लोधी, मोहम्मद कबीर, श्रीमती उमा अवस्थी, प्रतिमा धवन, नवाब सलीम खान, शोएब चांद, हुस्नारा, अलीशा, अनवरी बेगम, एसके गौतम, महीप सिंह, मोहम्मद शफीक, राजकुमार पटेल, अरविंद पटेल, सतीश पाल आदि शामिल रहे।शपथ ग्रहण समारोह पूरे उत्साह, एकजुटता और संगठनात्मक संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन कांग्रेस संगठन की मजबूती और आगामी जनसंघर्षों के लिए नवगठित इकाइयों की तत्परता का प्रतीक बनकर उभरा।
