diwali horizontal

पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की समीक्षा, उत्तर प्रदेश ने दिखाई अग्रणी प्रतिबद्धता

0 45

पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की समीक्षा, उत्तर प्रदेश ने दिखाई अग्रणी प्रतिबद्धता

लखनऊ: भारत सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति को लेकर एक वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, बैंकों के प्रतिनिधि तथा उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए. के. शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने योजना की नवीनतम रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि अब तक देशभर से 1.25 करोड़ से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 99.40 लाख आवेदन स्वीकृत और 96.58 लाख ऋण वितरित किए जा चुके हैं। राज्यों के प्रदर्शन के तुलनात्मक विश्लेषण में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और तमिलनाडु अग्रणी राज्यों के रूप में उभरे हैं। केंद्रीय मंत्री ने इन राज्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य राज्यों को भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।मनोहर लाल खट्टर ने सभी राज्यों को निर्देश दिए कि स्थानीय निकायों के माध्यम से नए पटरी/स्ट्रीट वेंडर्स की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि बैंकों के सहयोग से लंबित स्वीकृत आवेदनों के ऋण वितरण में तेजी लाना प्राथमिकता होनी चाहिए। खट्टर ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना गरीबों के आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि राज्य में पीएम स्वनिधि योजना पर तीव्र गति से कार्य हो रहा है। उन्होंने बताया कि योजना की नियमित समीक्षा की जा रही है ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों तक इसका लाभ पहुंच सके। शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही उत्तर प्रदेश इस योजना के सफल क्रियान्वयन में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.