diwali horizontal

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा—विधायक जनता के सबसे करीब, जिम्मेदारी सबसे अधिक

0 49

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा—विधायक जनता के सबसे करीब, जिम्मेदारी सबसे अधिक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि विधायक जनता के सबसे निकट होते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारियाँ भी सबसे अधिक होती हैं और वे अक्सर आलोचना के केंद्र में रहते हैं। उन्होंने यह बात सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन, कानपुर के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात के दौरान कही। यह दल विधानसभा की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक परंपराओं को समझने के लिए आया था।

महाना ने अतिथियों का स्वागत करते हुए लोकतंत्र में विधायिका की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक ढांचे में कई संस्थाओं का जनता से सीधा संपर्क सीमित होता है, लेकिन विधायिका सीधे जनता के बीच से आती है और उनके मुद्दों पर काम करती है। ऐसे में उसके प्रति नकारात्मक सोच रखना उचित नहीं है।

अध्यक्ष ने बताया कि जब लोग इस ऐतिहासिक विधानसभा भवन का अवलोकन करते हैं और इसकी गरिमा को समझते हैं, तभी उन्हें सदन की वास्तविक महत्ता का एहसास होता है। उन्होंने सभी से विधायिका के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।

मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा परिसर का भ्रमण किया। विधानसभा स्टाफ ने उन्हें मुख्य सभा कक्ष, समिति कक्ष, सेंट्रल हॉल और लाइब्रेरी जैसे महत्वपूर्ण हिस्सों की जानकारी दी। उन्होंने प्रश्नकाल, विधेयक निर्माण प्रक्रिया और सदन के दैनिक कामकाज के बारे में भी विस्तार से जाना। प्रतिनिधिमंडल ने इस ज्ञानवर्धक अनुभव के लिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.