diwali horizontal

लखनऊ में घोषित हुआ यूपी संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2025 का परिणाम, मिर्जापुर के सूरज कुमार पटेल ने किया टॉप

0 72

लखनऊ में घोषित हुआ यूपी संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2025 का परिणाम, मिर्जापुर के सूरज कुमार पटेल ने किया टॉप

लखनऊ: डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, लखनऊ के पुस्तकालय भवन में मंगलवार को उत्तर प्रदेश संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2025 का परिणाम घोषित किया गया। परिणाम की औपचारिक घोषणा प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय एवं राज्य मंत्री रजनी तिवारी की उपस्थिति में की गई।इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में परीक्षा प्रणाली में अभूतपूर्व पारदर्शिता और तकनीकी नवाचार आया है। उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक उपस्थिति, फेस रिकग्निशन, लाइव मॉनिटरिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी जैसी व्यवस्थाएं दर्शाती हैं कि अब परीक्षाएं पूरी तरह निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न हो रही हैं।मंत्री ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा संचालन टीम को सराहते हुए कहा कि उन्होंने रिकॉर्ड समय में पारदर्शिता के साथ परीक्षा आयोजित कर प्रदेश में नई मिसाल कायम की है। राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने इसे शिक्षा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की एक बड़ी उपलब्धि बताया।प्रमुख सचिव एमपी अग्रवाल ने जानकारी दी कि परीक्षा आयोजन हेतु बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा हाईटेक कमांड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था, जिससे प्रदेश भर के 751 परीक्षा केन्द्रों की लाइव निगरानी की गई। आधुनिक तकनीकों के प्रयोग से परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रही।1 जून 2025 को आयोजित इस परीक्षा में कुल 3,44,546 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें 1,96,700 महिलाएं और 1,47,846 पुरुष अभ्यर्थी थे। पहली पाली में 3,05,332 और दूसरी पाली में 3,05,439 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। सर्वाधिक उपस्थिति अमेठी और बलरामपुर (93%) में दर्ज की गई, जबकि बिजनौर में न्यूनतम उपस्थिति (82%) रही।परीक्षा में दोनों पालियों के ओएमआर उत्तर पत्रकों की डबल स्कैनिंग और मैन्युअल सत्यापन के आधार पर मूल्यांकन किया गया। कुल 3,04,980 अभ्यर्थियों को रैंक प्रदान की गई, जिनमें कला वर्ग के 1,95,142, विज्ञान वर्ग के 92,593, वाणिज्य वर्ग के 14,783 और कृषि वर्ग के 2,462 अभ्यर्थी शामिल हैं।घोषित परिणामों में मिर्जापुर के सूरज कुमार पटेल (विज्ञान वर्ग) ने 362.662 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि भदोही की शीबा परवीन (विज्ञान वर्ग) दूसरे और जौनपुर की शिवांगी यादव (कला वर्ग) तीसरे स्थान पर रहीं। टॉप 10 में 8 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।इस अवसर पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय, राज्य समन्वयक प्रो. एस. पी. सिंह, सह समन्वयक प्रो. सौरभ श्रीवास्तव, कुलसचिव राज बहादुर सिंह सहित कोर टीम के अन्य सदस्य, तकनीकी विशेषज्ञ एवं विश्वविद्यालय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.