
अंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस पर मंत्री धर्मपाल सिंह ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने आज (06 दिसंबर) भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने बरेली की तहसील आंवला स्थित अपने कैंप कार्यालय में बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय नागरिकों को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर का संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता और समावेशी समाज के निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने दलितों, शोषितों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए जीवन भर संघर्ष किया।
मंत्री ने आगे कहा कि लोकतांत्रिक चेतना से ओतप्रोत बाबा साहेब का विचार और व्यक्तित्व देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने सभी से अपील की कि वे बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाते हुए सामाजिक समरसता और समानता को मजबूत करने के लिए आगे आएँ।
