diwali horizontal

वैक्सीनेशन अभियान ने पकड़ी रफ्तार, मुस्लिम महिलाओं में उत्साह : नगर निगम व स्वास्थय विभाग मिलकर चला रहे अभियान

0 77

सहारनपुर(सिटीजन वॉयस संवाददाता) : कोरोना से बचाव के लिए स्वास्थय विभाग के साथ मिलकर नगर निगम द्वारा महानगर में चलाये जा रहे वैक्सीनेशन अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। क्षेत्रीय पार्षदों के सहयोग से उन क्षेत्रों को विशेष रुप से फोकस किया जा रहा है जिन क्षेत्रों में वैक्सीनेशन बहुत कम हुआ है।

स्वास्थय विभाग व नगर निगम द्वारा शहर में वैक्सीनेशन अभियान के लिए बनायी गयी रणनीति कारगर हो रही है। अभियान के परिणाम सकारात्मक रुप से सामने आ रहे है। वैक्सीनेशन के लिए अनेक क्षेत्रों में मुस्लिम महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है। शहर के खत्ता खेड़ी,आजाद कॉलोनी व मल्हीपुर रोड स्थित रामनगर मंे लगाये गये कैंपों में बूढ़ों और महिलाओं का बड़ी संख्या में वैक्सीनेशन किया गया है। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह स्वयं कैंपों को औचक निरीक्षण कर वैक्सीनेशन की जानकारी ले रहे हैं।

अपर नगरायुक्त राजेश यादव व नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.कुनाल जैन के नेतृत्व में निगम की टीमे कैंपों में सहयोग करने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित भी कर रही है। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बी एस नेगी अपनी टीम के साथ मस्जिदों के इमाम और मुस्लिम समाज के बुजुर्गो से मिलकर उन्हें वैक्सीनेशन के फायदे बता रहे हैं। जहां खाताखेड़ी में हाजी शहजाद पार्षद और आजाद कॉलोनी में पार्षद फुरकाना मलिक के सहयोग से मुस्लिम महिलाओं का बड़ी संख्या में वैक्सीनेशन किया गया है। वहीं मल्हीपुर रोड स्थित रामनगर में भी वैक्सीनेशन के अप्रत्याशित परिणाम सामने आये है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.