
वाराणसी: सिल्वर ग्रोव स्कूल में भव्य वार्षिक उत्सव ‘नवरंग’, 500 विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
वाराणसी: सिल्वर ग्रोव स्कूल में भव्य वार्षिक उत्सव ‘नवरंग’, 500 विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
वाराणसी: वाराणसी के सेवापुरी क्षेत्र स्थित सिल्वर ग्रोव स्कूल में रविवार को वार्षिक उत्सव ‘नवरंग’ भव्यता, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती अदिति पटेल (विधायक प्रतिनिधि, सेवापुरी), ब्लॉक संरक्षक एवं विशिष्ट अतिथि सुजीत सिंह (डॉ. जी) पुत्र ठाकुर आदित्य प्रताप सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व क्षेत्रीय संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ भाजपा काशी), रूपसेठी, खंड शिक्षा अधिकारी संजय यादव एवं राजेश सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
ज्ञान, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य का संदेश
इस अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती आर. श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक मोहित श्रीवास्तव, निदेशिका एवं प्रधानाचार्या रचना श्रीवास्तव, महेशपुर शाखा की प्रिंसिपल श्रीमती वंदना चतुर्वेदी तथा सिल्वर ग्रोव विनेन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमरेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
निदेशक मोहित श्रीवास्तव एवं निदेशिका रचना श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
नव रसों पर आधारित रहा ‘नवरंग’
इस वर्ष का वार्षिक उत्सव नव रसों की अवधारणा पर आधारित रहा। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। नर्सरी कक्षा के बच्चों ने ‘नटखट बचपन’ प्रस्तुति के माध्यम से ऋतुओं का मनोहारी चित्रण किया।
यूकेजी से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों ने पंचतत्व पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर मानव शरीर की उत्पत्ति को दर्शाया। वात्सल्य, शांत, श्रृंगार, भयानक, करुण, रौद्र, वीर एवं हास्य रस पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राधा-कृष्ण, शिवाजी और काली की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
श्रृंगार रस में राधा-कृष्ण की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। करुण रस में पद्मावती के जौहर, रौद्र रस में मां काली द्वारा रक्तबीज संहार तथा वीर रस में छत्रपति शिवाजी महाराज पर आधारित नृत्य-नाटिका ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई दी।
हास्य रस पर आधारित लिलिपुट डांस ने दर्शकों को खूब हंसाया।
शिक्षक, कर्मचारी और मेधावी छात्र सम्मानित
प्रधानाचार्या रचना श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 500 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
शिक्षण क्षेत्र में पियूष मिश्रा, रवि प्रजापति, दिव्या शर्मा, ब्यूटी सिंह और रामकृष्ण त्रिपाठी तथा कार्यालय प्रशासन में बृजेश कुमार सिंह, श्रीमती मित्तल देवी और साधु यादव को सम्मान मिला।
उप-प्रधानाचार्य तारकेश्वर जेसवानी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। कक्षा 10 की इसिका गुप्ता (93.6 प्रतिशत) सहित कई मेधावी छात्रों एवं कक्षा 12 के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

सर्वांगीण विकास के लिए सांस्कृतिक गतिविधियां जरूरी
कार्यक्रम का संचालन पायल, अंशिका, हर्ष एवं वाचस्पति ने किया। स्वागत लक्ष्मी सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन एकेडमिक हेड आरती पांडेय ने दिया।
समापन अवसर पर प्रबंधक मोहित श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी बेहद आवश्यक है।