
पुलिस मुठभेड़ में लूटकांड का वांछित बदमाश अनीश गिरफ्तार, 22 मुकदमों में था फरार, तमंचा, मोबाइल और बाइक बरामद
पुलिस मुठभेड़ में लूटकांड का वांछित बदमाश अनीश गिरफ्तार, 22 मुकदमों में था फरार, तमंचा, मोबाइल और बाइक बरामद
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम एक शातिर अपराधी अनीश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। यह वही अनीश है जो 6 जून को मवैया मेट्रो स्टेशन के पास ई-रिक्शा में सवार एक महिला से बैग लूटने की घटना में शामिल था। लूटकांड के बाद से ही पुलिस को उसकी तलाश थी। मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी पर पुलिस टीम ने लंगड़ा फाटक क्षेत्र में नाकेबंदी की और जब अभियुक्त को रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया और पकड़ा गया, जबकि उसका एक साथी मौका पाकर भाग निकला।घायल अपराधी की पहचान अनीश पुत्र मोहम्मद रईश निवासी वजीरबाग, शाही बड़ी मस्जिद, मल्लू की गड़हिया, थाना सआदतगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए लोकबन्धु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। अनीश के कब्जे से एक देसी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 660 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त काली रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (UP32HM4944) बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार अनीश एक कुख्यात अपराधी है और लखनऊ के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ 22 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गंभीर धाराएं शामिल हैं। इनमें थाना पारा, आलमबाग, नाका हिण्डोला, सआदतगंज, बाजारखाला, हसनगंज, चिनहट, तालकटोरा और दुबग्गा शामिल हैं। इतना ही नहीं, थाना सआदतगंज का हिस्ट्रीशीटर अनीश जिला बदर घोषित अपराधी भी था। वह लगातार शहर में मोबाइल, बैग, वाहन चोरी व स्नैचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा था।6 जून की लूटकांड की जांच में जब उसकी संलिप्तता पाई गई, तब से पुलिस उसकी खोज में लगी थी। मंगलवार को सूचना मिली कि वह टीएन बाजपेयी चौक होते हुए सआदतगंज की ओर भागने वाला है। ग्राहम बेल मोड़ पुलिया के पास जब पुलिस ने उसे रोकना चाहा तो उसने अपने तमंचे से फायर झोंक दिया, लेकिन जवाबी कार्रवाई में वह खुद ही घायल हो गया।पुलिस के अनुसार अनीश बेहद शातिर है और अपना ठिकाना लगातार बदलता रहता था। उसकी गिरफ्तारी से शहर में लूट और छिनैती की कई घटनाओं के खुलासे की संभावना जताई जा रही है। उसके फरार साथी की तलाश में भी पुलिस की टीमें सक्रिय हैं।इस साहसिक कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में आलमबाग थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाषचंद्र, उप निरीक्षक संदीप कुमार, पंकज कुमार, धीरज यादव, संदीप ठाकुर, पवन चौहान, अभिषेक द्विवेदी, अवनीश यादव तथा सिपाही फतेह सिंह, सुरेंद्र कुमार, पुष्प कुमार, अरविंद चौरसिया, दीपक और मनजीत देशवाल शामिल थे।आलमबाग थाने में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 304(2)/317(2) और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अनीश की गिरफ्तारी शहर में सक्रिय लूट गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता है।
