
क्या पलट जाएगा खेल? सुदर्शन रेड्डी ने NDA को दी खुली चुनौती
Vice President Poll:उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए संसद भवन में पहला वोट डालकर मतदान प्रक्रिया की शुरुआत की। एनडीए की ओर से उम्मीदवार हैं सी. पी. राधाकृष्णन, जबकि इंडिया ब्लॉक ने पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी. सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है।
सुदर्शन रेड्डी ने वोटिंग से पहले बड़ा दावा किया कि विपक्ष एकजुट है और सांसदों से अंतरात्मा की आवाज़ पर वोट डालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव सिर्फ व्यक्ति नहीं, बल्कि विचारधारा की लड़ाई है।
हालांकि आंकड़ों के लिहाज से एनडीए की स्थिति मज़बूत मानी जा रही है। संसद में एनडीए के पास बहुमत है और बीजेडी व बीआरएस जैसे कुछ दलों ने मतदान से दूरी बना ली है, जिससे विपक्ष की रणनीति कमजोर हुई है।बीआरएस ने किसानों की समस्याओं को आधार बनाते हुए वोटिंग में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया। बीजेडी भी वोटिंग से दूर रही। वहीं, एआईएमआईएम ने सुदर्शन रेड्डी को समर्थन देने की घोषणा की है।
वोटिंग से पहले इंडिया ब्लॉक ने अपने सांसदों के लिए मॉक वोटिंग का आयोजन किया ताकि किसी भी तरह की गलती से बचा जा सके। इसमें कई सांसदों ने हिस्सा लिया। विपक्ष को डर है कि तकनीकी गलती की वजह से कई वोट अमान्य हो सकते हैं।
एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन को जीत की प्रबल संभावना बताई जा रही है। विपक्ष की कोशिशों और दावों के बावजूद संख्या उनके पक्ष में नहीं दिख रही है। नतीजे आज शाम तक आने की उम्मीद है।