
15 जुलाई को पूरे प्रदेश में भव्य रूप से मनाया जाएगा विश्व युवा कौशल दिवस, 12 से 14 जुलाई के बीच लगेगा रोजगार मेला
15 जुलाई को पूरे प्रदेश में भव्य रूप से मनाया जाएगा विश्व युवा कौशल दिवस, 12 से 14 जुलाई के बीच लगेगा रोजगार मेला
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में आगामी 15 जुलाई 2025 को पूरे प्रदेश में विश्व युवा कौशल दिवस को भव्य और जन-संपर्कपरक ढंग से मनाया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ना है, जिससे वे आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की दिशा में कदम बढ़ा सकें।इस कार्यक्रम के अंतर्गत 12 से 14 जुलाई के मध्य (जनपद की सुविधा के अनुसार) रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन रोजगार मेलों में स्थानीय उद्योगों और कंपनियों को आमंत्रित कर युवाओं को सीधी नियुक्ति का अवसर दिया जाएगा। इन मेलों की तैयारी के लिए जिलाधिकारियों द्वारा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है।राज्य सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने बताया कि 15 जुलाई को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश भर से सफल प्रशिक्षुओं की कहानियां, प्रेरक संवाद सत्र, प्रशिक्षण केंद्रों की प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति इस दिन दर्ज की जाएगी।इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे उनकी रचनात्मकता और कौशल का सार्वजनिक प्रदर्शन हो सके। साथ ही, प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा।रोजगार मेला दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY), आईटीआई और अन्य राज्य स्तरीय कौशल योजनाओं से प्रशिक्षित युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर होगा। चयनित युवाओं को मौके पर नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। चुने गए कम से कम 11 युवाओं को 15 जुलाई के मुख्य कार्यक्रम में विशेष रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा।राज्य सरकार द्वारा इन आयोजनों की सुचारु रूप से व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक जनपद को 50,000 रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। साथ ही, रोजगार मेले की तिथियों और स्थान की जानकारी सभी प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक स्तर पर प्रसारित की जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा इसका लाभ उठा सकें।
विश्व युवा कौशल दिवस 2025 को उत्तर प्रदेश में युवाओं के भविष्य को संवारने और रोजगार की दिशा में ठोस पहल के रूप में देखा जा रहा है।
