
स्वामी प्रसाद मौर्य: स्कूल मर्जर पर बैकफुट पर आई योगी सरकार।
Lucknow News: अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने आज शुक्रवार को लखनऊ में प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। स्कूल मर्जर मामले पर सरकार के यू-टर्न को जनआंदोलन की जीत बतायी। उन्होंने कहा कि 13 लाख बच्चों का भविष्य बच गया।

54 हजार रसोइयों की रोजी और शिक्षामित्रों की नौकरी सुरक्षित हुई।
उन्होंने कहा, “सरकार झुकती है, झुकाने वाला चाहिए। सरकार को लोकतंत्र के तहत काम करना चाहिए, तानाशाही छोड़नी चाहिए।” उन्होंने कहा कि यूपी में 27,764 प्राथमिक स्कूलों को बंद करने का फैसला पूरी तरह जनविरोधी था।

अगर सरकार यह फैसला लागू करती तो 13 लाख बच्चों की शिक्षा बाधित होती। 54,000 रसोइयों की नौकरी जाती और हजारों शिक्षामित्रों का भविष्य संकट में पड़ जाता। उन्होंने दावा किया कि अपनी जनता पार्टी ने इस फैसले के खिलाफ प्रदेश मुख्यालय से लेकर ब्लॉक स्तर तक आंदोलन किया। स्वामी प्रसाद मौर्य ने बाराबंकी में महिला सिपाही विमलेश पाल की मौत पर भी योगी सरकार से सवाल किया।

उन्होंने कहा कि महिला पुलिस 27 जुलाई को मंदिर में ड्यूटी पर गई थी और चार दिन बाद उसकी लाश मिली। मौर्य ने पूछा-मुख्यमंत्री का जीरो टॉलरेंस कहां गया? क्या यही यूपी पुलिस की जिम्मेदारी है?
स्वामी प्रसाद मौर्य ने बेहद तीखा बयान देते हुए कहा, “अगर भगवा आतंक नहीं है, तो कौन सा आतंक है? आतंकवादी भगवा हो या किसी और रंग का आतंकवादी होता है।” उन्होंने कहा कि भाजपा अराजकता के रास्ते पर चल रही है और जनहित के मुद्दों की लगातार अनदेखी कर रही है।