
योगी के पास पराली का समाधान नही; मरने को मजबूर किसान: सभाजीत सिंह
भ्रष्टाचार उजागर करने पर हमारे खिलाफ मुक़दमे लिखने वाली योगी सरकार अपने बरहज के विधायक के खिलाफ क्या कार्यवाही करेगी?: सभाजीत सिंह
लखनऊ : किसानों की आत्महत्या के आंकड़े हर साल जारी होते है। वजह अलग अलग होती है कर्ज, फसल बर्बाद हो जाना और भी कई कारण, पर इन सब मे एक नया कारण जोड़ा है योगी सरकार ने वो है पराली की समस्या के कारण। ये कहना है आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह का। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बाराबंकी में किसान को पराली जलाने का दोषी बता कर इतना डराया गया कि उसकी जान चली गयी। ये एक आतंकराज है जिसने एक किसान की जान ली है।
उन्होंने कहा कि पराली समस्या है पर इसका समाधान निकाला जा चुका है। दिल्ली की सरकार पराली से खाद बना रही है और किसानों को राहत देने का काम कर रही है। उसके उलट योगी सरकार इस समस्या का कोई समाधान देने में नाकाम रही है। ये शायद वही खीझ है कि वो अन्नदाताओं के साथ गुंडों जैसा व्यवहार कर रही है। उनके खिलाफ मुकदमे लिखे जा रहे है उनसे फाइन वसूले जा रहे है। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसानों को योगी जी की नाकामी की कीमत अपनी जान दे कर चुकानी पड़ेगी? प्रदेश अध्यक्ष ने बरहज से बीजेपी विधायक के बयान पर सरकार को घेरा। बरहज के विधायक सुरेश तिवारी ने कहा है कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार बढ़ा है और जनता त्रस्त है।
उन्होंने योगी सरकार से सवाल किया कि जब आम आदमी पार्टी इस भ्रष्टाचार को उजागर करती है इसके खिलाफ आंदोलन करती है तो पार्टी के नेताओं पर मुकदमा लिखा जाता है, अब योगी जी क्या कारवाई करेंगे अपने विधायक के खिलाफ।