
मसौली, बाराबंकी : सैकड़ों लोगों के साथ फर्जी चेक देकर धोखाधड़ी करके रुपये ठगने व फर्जी नौकरी देने के नाम पर नियुक्ति पत्र जारी करने वाले अन्तर्राज्यीय जालसाज गैंग के सरगना को गिरफ्तार कर मसौली पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक द्वारा अभियोग की गहनता से विवेचना करने एवं अपराधियों के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिये गये थे। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरीअवधेश सिंह के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी रामनगर दिनेश कुमार दुबे के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मसौली विजेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में विवेचना से ज्ञात हुआ कि घनश्याम श्रीवास्तव पुत्र विक्रमा श्रीवास्तव निवासी मिर्जापुर जानकीपुरम विस्तार थाना जानकीपुरम जनपद लखनऊ द्वारा एक संगठित गैंग बनाकर एक संस्था जिसका नाम जन कल्याण एवं ग्रामोद्योग सेवा संस्थान है के नाम से अलग अलग लोगों से अलग- अलग स्कीम (पशुपालन, मत्सपालन, गोशाला, दुकानध्संस्थान खोलने के नाम पर अनुदान व बाल पुष्टाहार विभाग में फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करने) का प्रलोभन देकर व अग्रिम चेक देकर कुल राशि का 6 प्रतिशत एडवान्स लेने का अवैध कार्य किया जा रहा है ।
आरोपी घनश्याम श्रीवास्तव द्वारा अपने सहयोगी मीनाक्षी मिश्रा, प्रमोद मिश्रा व अपने पुत्र दीपक श्रीवास्तव व दिलीप श्रीवास्तव तथा अन्य लोगों को सम्मिलित कर एक संगठित गिरोह बनाकर अलग-अलग जनपदों में तथा अगल-अलग प्रान्तों ( दिल्ली, हरियाणा, पंजाब) में लोगों को विभिन्न परियोजनाओं में रुपये दिलाने का लालच देकर फर्जी लाखों, करोडों रुपये का चेक जारी कर दिया जाता था । चेक जारी करने के एवज में कुल राशि का 6 प्रतिशत अग्रिम कैश अपने व अपने सदस्यों के एकाउन्ट में जमा करवाता था। उक्त घनश्याम श्रीवास्तव व उसके सदस्यो के विरुद्ध थाना जानकीपुरम, थाना मडियांव, थाना ठाकुरगंज जनपद लखनऊ व प्रदेश के लगभग 10 जिलो में सूचनाएं दर्ज होने की जानकारी हुई है, जिसके सम्बन्ध में अभियुक्त घनश्याम श्रीवास्तव पुत्र विक्रमा श्रीवास्तव निवासी मिर्जापुर जानकीपुरम विस्तार थाना जानकीपुरम लखनऊ को उसके घर से आज सुबह गिरफ्तार और मुकदमा दर्जकर जेल भेज दिया ।