
आपसी विवाद के बाद दोस्त ने युवक पर किया फाॅयर, आरोपी मौके से फरार
लखनऊ : राजधानी के हसनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम आपसी विवाद के बाद एक युवक को उसके ही दोस्त ने गोली मार दी। घायल युवक को तुरंत ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। गोलीकांड की यह घटना दीनदयाल नगर स्थित काव्या मेडिकल स्टोर पर हुई। दवा दुकान के अंदर गोली चलते ही आस-पास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गयी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक को लोगों ने तत्काल ट्रामा सेंटर भेजा और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने आरोपी की बाइक कब्जे में लेकर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। मृतक आशुतोष त्रिवेदी के पिता ने जय सिंह नाम के युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची डीसीपी उत्तरी शालिनी ने बताया कि शुरूआती पूछताछ में पता चला है कि मृतक युवक आशुतोष त्रिवेदी और आरोपी जय सिंह दोनों दोस्त हैं।

आज देर शाम दोनों काव्या मेडिकल स्टोर पर बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ है और जय सिंह ने आशुतोष को गोली मार दी।

घायल को ट्रामा भेजा लेकिन बचाया नहीं जा सका। डीसीपी ने बताया कि हत्या की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल पिता की तहरीर पर जय सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर उसकी तलाश की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गयी हैं