
नहर में मिला युवक का शव, परिजनों ने की शिनाख्त, पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया
नहर में मिला युवक का शव, परिजनों ने की शिनाख्त, पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया
लखनऊ: थाना निगोहां क्षेत्र में मदाखेड़ा से सिसेंडी मार्ग पर गौतम खेड़ा के पास नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आज प्रातः लगभग 8 बजे स्थानीय पुलिस को सूचना मिली कि नहर में एक शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना निगोहां पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को नहर से बाहर निकालकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर मृतक की तस्वीर प्रसारित कर शिनाख्त कराई। इसी दौरान श्री रामनरेश निवासी शंकरबक्श खेड़ा मजरा रायभानखेड़ा, थाना मोहनलालगंज ने शव की पहचान अपने पुत्र शनि रावत (उम्र लगभग 24 वर्ष) के रूप में की। परिवारजनों ने शव की पहचान कर दुख व्यक्त किया।पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही दो संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में इस घटना को लेकर चिंता व्याप्त है, वहीं पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जांच में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
