
गुवाहाटी में समाजवादी सांसद आर. के. चौधरी का भव्य स्वागत, असम में पीडीए आंदोलन को तेज़ करने का संकल्प
गुवाहाटी में समाजवादी सांसद आर. के. चौधरी का भव्य स्वागत, असम में पीडीए आंदोलन को तेज़ करने का संकल्प
लखनऊ: समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश के लखनऊ मोहनलालगंज सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र से सांसद आर. के. चौधरी का असम की राजधानी गुवाहाटी में पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर भव्य स्वागत किया गया। असम इकाई के कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पारंपरिक गमछा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।कार्यक्रम की शुरुआत सांसद चौधरी द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) आधारित आंदोलन असम में तेजी से उभर रहा है और समाजवादी पार्टी इसे गंभीरता से ले रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश की तरह असम में भी पार्टी के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और असम प्रभारी प्रोफेसर भुवन जोशी ने कहा कि असम के लोगों में पीडीए के प्रति गहरी आस्था है। उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव भी असम के प्रति विशेष भावनाएं रखते हैं और उनके निर्देश पर यहां संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ब्रोजन कुमार हैंडीक ने कहा कि असम में समाजवादी पार्टी तेजी से अपने आधार का विस्तार कर रही है। पंचायत चुनावों में पार्टी पूरी मजबूती से हिस्सा ले रही है और हमें विश्वास है कि परिणाम भी उत्साहजनक होंगे।इस मौके पर मधुर जय सखिया, सैयद अब्दुल मजीद, अनिरुपा बर, गौतम चंद शर्मा, काकली गोहे नाथ, कौशल कश्यप, तरुण रावत (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, बाबा साहब वाहिनी) समेत अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
