
बिना परमिशन छात्रावास पहुंचे राहुल गांधी।
इंडिया Live:जिला प्रशासन से अनुमति न मिलने बावजूद राहुल गांधी गुरुवार को दरभंगा के अंबेडकर छात्रावास पहुंचे। वे छात्रों से संवाद तो नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने मंच से छात्रों को संबोधित किया।

NSUI के शिक्षा न्याय संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राहुल का संबोधन महज 12 मिनट में खत्म हो गया। इस दौरान उन्होंने अंबेडकर की तस्वीर भी लहराई। राहुल कार्यक्रम स्थल पर 15 मिनट रुके। अब वे दरभंगा से पटना के लिए निकल चुके हैं।
बीए सेकेंड ईयर के छात्र प्रदीप कुमार ने बताया- ‘मैंने राहुल गांधी से हॉस्टल की सुविधाएं, स्कॉलरशिप ना मिलने पर सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि वो मेरी बातों को संसद में उठाएंगे और चुनाव में मुद्दा भी बनाएंगे।’
‘मुझे पता नहीं था कि राहुल गांधी से मेरी मुलाकात होगी। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि जो मुझसे बात करना चाहते हैं वो हाथ उठाए। मैंने हाथ उठाया तो मुझे बुलाया गया
राहुल गांधी के दरभंगा पहुंचने के पहले पुलिस प्रशासन और कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। राहुल दलित- माइनॉरिटी कम्युनिटी के छात्रों से बातचीत करना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें छात्रावास में बातचीत की परमिशन नहीं दी थी।
उन्हें दरभंगा के टाउन हॉल में बातचीत की परमिशन दी गई थी, लेकिन राहुल टाउन हॉल ना जाते हुए पैदल छात्रावास ही पहुंचे। 5 मिनट के संबोधन के बाद सभा खत्म हो गई।
इसके पहले राहुल के काफिले को दरभंगा की ललित नारायण मिथिला यूनिवर्सिटी कैंपस से तीन किमी पहले ही रोक दिया गया।
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा था ‘हम हर हाल में अंबेडकर छात्रावास जाएंगे।’
इधर, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने कहा- ‘NDA की सरकार दलित विरोधी है। सरकार के दबाव में ही कार्यक्रम नहीं होने दिया जा रहा है।’कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने कहा कि दरभंगा में छात्रों को धमकियां दी जा रही हैं कि संस्थान से रस्टिकेट कर दिया जाएगा। राहुल गांधी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति हैं, वे छात्रों से संवाद करना चाहते हैं, पर उन्हें रोका जा रहा। हमने उस स्थान पर कार्यक्रम करने का संकल्प लिया था। अंतिम समय पर कार्यक्रम को रोका गया, जबकि कई दिनों से वहां तैयारियां चल रही थी।