
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर किया नमन
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एकात्म मानववाद के प्रणेता, प्रखर राष्ट्रभक्त और महान चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए उनकी स्मृति को श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन दर्शन आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके जीवनकाल में था। उन्होंने भारतीय राजनीतिक मूल्यों को एक नई दिशा देते हुए एकात्म मानववाद और अंत्योदय जैसे विचारों का प्रतिपादन किया, जो समाज के सर्वांगीण विकास और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए आज भी मार्गदर्शक बने हुए हैं।मौर्य ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने जीवन को राजनीति की शुचिता, पारदर्शिता और समाजसेवा के लिए समर्पित किया। उनका ‘अंत्योदय’ का विचार सामाजिक समरसता और समग्र विकास की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज के वंचित वर्ग के लिए आजीवन कार्य किया और अपने विचारों से राष्ट्र के निर्माण में नई चेतना का संचार किया।उन्होंने यह भी कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिस उज्ज्वल भारत का सपना देखते थे, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वही सपना साकार हो रहा है, जहाँ सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है।
