diwali horizontal

किसान अब फसल नहीं, अपनी जान बचाने की लड़ाई लड़ रहा है: विनय पटेल

0 43

किसान अब फसल नहीं, अपनी जान बचाने की लड़ाई लड़ रहा है: विनय पटेल

लखनऊ: आम आदमी पार्टी अयोध्या प्रांत के अध्यक्ष विनय पटेल ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि उत्तर प्रदेश का किसान इस समय खाद की किल्लत और फसल बर्बादी की दोहरी मार झेल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीने से किसान खाद के लिए घंटों लाइनों में खड़े हैं, कई जिलों में तो इस अफरा-तफरी में किसानों की मौत तक हो चुकी है, लेकिन सरकार बेपरवाह बनी हुई है। अब जब गेहूं की बुवाई का समय शुरू हो गया है, तब भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।विनय पटेल ने कहा कि हाल की बारिश और आंधी से पूर्वांचल और बुंदेलखंड क्षेत्रों में किसानों की फसलें पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं। झांसी, हमीरपुर और महोबा से किसानों की आत्महत्याओं की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार केवल मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा, “किसान अब फसल नहीं, अपनी जान बचाने की लड़ाई लड़ रहा है।”उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल ग्राम पंचायत स्तर पर सर्वे कराकर किसानों को ₹20,000 प्रति एकड़ मुआवजा दे, जैसा कि पंजाब सरकार ने किया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याएं यहीं खत्म नहीं हो रहीं — धान की फसल तैयार है लेकिन सरकारी क्रय केंद्र बंद पड़े हैं। किसान अपने घरों पर 100 से 200 क्विंटल धान रखे हैं, मगर उन्हें ₹2369 के न्यूनतम समर्थन मूल्य के बजाय मजबूरी में ₹1600 से ₹1700 प्रति क्विंटल की दर से बेचना पड़ रहा है।विनय पटेल ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियाँ किसानों को बिचौलियों के हाथों लुटवा रही हैं और यह स्थिति प्रदेश के कृषि तंत्र की विफलता को उजागर करती है। उन्होंने सरकार से दो प्रमुख मांगें रखीं — पहली, फसल बर्बादी पर ₹20,000 प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए, और दूसरी, 10 दिनों के भीतर सभी सरकारी क्रय केंद्र चालू किए जाएं ताकि किसानों को उनके धान का उचित मूल्य मिल सके।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया तो आम आदमी पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। प्रेस वार्ता के समापन पर उन्होंने कहा कि अब किसान जाग चुका है और आम आदमी पार्टी उसकी आवाज बनकर मैदान में उतरेगी। विनय पटेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “यह लड़ाई सिर्फ फसल की नहीं, बल्कि किसान के भविष्य की है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.