
पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर घिरे पृथ्वीराज चव्हाण, बयान पर मचा सियासी बवाल
Prithviraj Chavan Statement | पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण घिरे: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। अमेरिका और भारत के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव और वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई का हवाला देते हुए चव्हाण ने एक ऐसा बयान दिया है, जिस पर तीखा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
कार्यक्रम में दिया विवादित बयान
एक कार्यक्रम के दौरान पृथ्वीराज चव्हाण ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का जिक्र करते हुए अमेरिकी सेना द्वारा उनकी गिरफ्तारी की बात कही। इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि क्या वेनेजुएला जैसी घटना भारत में भी हो सकती है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत के प्रधानमंत्री का अपहरण कर लेंगे।
बयान पर मचा बवाल
चव्हाण के इस बयान को लेकर कई लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। आलोचकों का कहना है कि भारत जैसे परमाणु शक्ति संपन्न देश के प्रधानमंत्री के संदर्भ में इस तरह की टिप्पणी न केवल बेतुकी है, बल्कि देश की गरिमा के खिलाफ भी है।
पूर्व IPS एसपी वैद ने जताई नाराजगी
जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी और पूर्व आईपीएस अधिकारी एसपी वैद ने इस बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इसे पूरे देश के लिए शर्मनाक करार दिया। सोशल मीडिया पर भी चव्हाण को तीखी प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है। कई यूजर्स ने इसे उनकी बौद्धिक गिरावट बताया, जबकि कुछ ने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री से ऐसे गैर-जिम्मेदार बयान की उम्मीद नहीं की जा सकती।
टैरिफ मुद्दे पर भी केंद्र सरकार पर हमला
विवादित बयान के साथ ही पृथ्वीराज चव्हाण ने अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इतने अधिक टैरिफ के बाद अमेरिका से व्यापार करना लगभग नामुमकिन हो जाएगा। इससे भारत के निर्यातकों को भारी नुकसान होगा और देश को आर्थिक रूप से बड़ा झटका लगेगा।
सियासी हलकों में तेज हुई बहस
चव्हाण के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है। जहां विपक्ष इसे सरकार की विदेश नीति पर सवाल बता रहा है, वहीं भाजपा समर्थक इसे देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बयान करार दे रहे हैं।
