
यूपी में गर्मी का कहर जारी, 48°C तक पहुंचेगा पारा, कई जिलों में लू का रेड और ऑरेंज अलर्ट
HEATWAVE ALERT: यूपी एक हफ्ते से गर्मी और लू की चपेट में है। बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 48 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बांदा से ज्यादा तापमान मिस्र के असवान में 49.4°C और सऊदी अरब के अराफात में 48.4°C रिकॉर्ड किया गया।
गर्मी में बिजली कटौती की शिकायतों को देखते हुए यूपी में बिजली विभाग के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के अवकाश 31 जुलाई तक रद्द कर दिए गए। जो अधिकारी-कर्मचारी अवकाश पर हैं, उन्हें वापस बुलाया गया है।
बलरामपुर में भीषण गर्मी के कारण कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ाई के दौरान 8 छात्राएं बेहोश हो गईं। सभी को उल्टी, सिरदर्द और बेहोशी जैसी शिकायतें थीं। फिलहाल उनका इलाज जारी है। बलिया
सदर तहसील परिसर में एक महिला भीषण गर्मी के कारण बेहोश हो गई। तहसीलदार ने तुरंत उन्हें अपनी गाड़ी से अस्पताल भिजवाया।
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 59 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। इनमें 23 जिलों में रेड अलर्ट है। यानी यहां गर्म हवाओं की वजह से हालात गंभीर हो सकते हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पतालों को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की है कि जरूरी हो, तभी घर से निकलें।
बदायूं में ट्रांसफार्मर को कूलर लगाकर ठंडा किया जा रहा है। वाराणसी में घाटों पर सन्नाटा पसरा है। गर्मी का असर जानवरों पर भी दिख रहा है। इटावा सफारी में शेरों के बाड़ों में कहीं एसी तो कहीं कूलर लगाए गए हैं। फतेहपुर में घर की पानी की टंकी में बंदर नहाते हुए दिखाई दिए।
मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही सूखी और गर्म हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इससे मई में ही जून जैसी तपिश भरी गर्मी महसूस हो रही है।